नई दिल्लीः मालदीव ने नौसेना अभ्यास में शिरकत करने का भारत का निमंत्रण ठुकरा दिया है। इस बात की जानकारी भारतीय नौसेना के प्रमुख एडमिरल सुनील लांबा ने दी। हालांकि मालदीव ने इसके पीछे कोई कारण नहीं बताया है। आपको बता दें कि ‘मिलन’ नाम का यह नौसेना अभ्यास अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 6 मार्च से शुरू होना है। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन की बढ़ती सामुद्रिक ताकत को देखते हुए इसका आयोजन किया जा रहा है। भारतीय नौसेना के प्रवक्ता डीके शर्मा ने बताया कि इस अभ्यास के दौरान समुद्री सैनिक गतिविधियों से लेकर गैरकानूनी गतिविधियों को रोकने तक पर विचार होगा। दरअसल चीन पिछले काफी समय से इस क्षेत्र में अपना प्रभुत्व बढ़ाने की कोशिश कर रहा है जिस वजह से भारत और अमेरिका समेत कई अन्य देश नौसेना अभ्यास के जरिए दबाव बनाने की कोशिश में है।