https://ucc.uk.gov.in/
 https://ucc.uk.gov.in/

28 युद्ध पोतों के साथ अंडमान-निकोबार में नौसेना का अभ्यास शुरू

632

भारतीय नौसेना ने अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में बड़ी नौसेना ताकतों के साथ आठ दिवसीय नौसैनिक अभ्यास शुरू कर दिया है। यह आयोजन क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच इस किया गया है। भारतीय नौसेना के अधिकारियों ने कहा कि अभ्यास में 28 पोत हिस्सा ले रहे हैं जिसमें 17 पोत ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंडोनेशिया, मलेशिया, म्यांमार, सिंगापुर, श्रीलंका और थाईलैंड के हैं। आपको बता दें कि द्विवार्षिक अभ्यास का आयोजन मालदीव और श्रीलंका में आपातकाल लगाए जाने और क्षेत्र में चीन के बढ़ते दबदबे के बीच हो रहा है। बताया जा रहा है कि अभ्यास के इस संस्करण का उद्देश्य क्षेत्रीय सहयोग को बढ़ाना और समुद्री मार्ग में अवैध गतिविधियों से लड़ना है। नौसेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘पोतों के अलावा प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय आयोजन में 16 देशों के 39 प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं जिससे 1995 में शुरू होने के बाद यह सबसे बड़ा अभ्यास साबित होगा।’ नौसेना के सूत्रों ने कहा कि देशों के प्रतिनिधि क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति पर चर्चा करेंगे और चीन के बढ़ते दबदबे पर भी चर्चा की जाएगी। इससे पहले फरवरी में चीन के 11 युद्धक जहाजों ने पूर्वी हिन्द महासागर में प्रवेश किया था। इस दौरान भारतीय नौसेना और चीनी नौसेना के बीच की दूरी काफी कम रह गई थी।