प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैन्युअल मैक्रों के बीच कई समझौते हुए है। लंबी वार्ता के बाद गोपनीय सूचनाओं की सुरक्षा, परमाणु ऊर्जा और सामरिक सुरक्षा से जुड़े कुल 14 समझौतों पर मुहर लगी। दोनों देशों के नेताओं की मौजूदगी में शिक्षा, पर्यावरण, शहरी विकास और रेलवे के क्षेत्र में भी अहम समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। मैक्रों के साथ संयुक्त वार्ता को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि दोनों देशों ने रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में अपने संबंधों को काफी मजबूत किया है। इमैन्युअल मैक्रों ने कहा कि भारत और फ्रांस ने आतंकवाद और कट्टरवाद के खतरों की चुनौतियों से निपटने के लिए मिलकर काम करने का फैसला किया है। फ्रांस के राष्ट्रपति ने आगे कहा कि दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग आपसी संबंधों में खास महत्व रखता है। दोनों देशों के नेताओं ने हिंद प्रशांत क्षेत्र में आपसी सहयोग पर भी चर्चा की। चार दिवसीय भारत दौरे पर अपनी पत्नी ब्रिगिट्टे मैरी क्लाउड मैक्रों और मंत्रिमंडल के वरिष्ठ मंत्रियों के साथ आए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैन्युअल मैक्रों प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ दिल्ली के हैदराबाद हाउस में मुलाकात की। इससे पहले मैक्रोन ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मिलकर कई मुद्दों पर चर्चा की। मैक्रों ने राष्ट्रपति भवन में पारंपरिक स्वागत समारोह के दौरान कहा ,’ मैं भारत आकर बहुत खुश हूं और स्वयं को गौरवाविंत महसूस कर रहा हूं।













