उत्तर प्रदेश के मथुरा के करीब यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां एक इनोवा कार कंटेनर में घुस गई, जिससे कार सवार एम्स के तीन डॉक्टरों की मौत हो गई है। वहीं चार डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों का उपचार जारी है। आपको बता दें कि मृतकों में एक डॉक्टर हर्षद का रविवार को जन्मदिन था तो सभी साथी बर्थडे सेलिब्रेट करने आगरा जा रहे थे। इनोवा कार में डॉक्टर यशप्रीत काठपाल (26), डॉक्टर हर्षद (35), डॉक्टर हेमबाला (25)डॉक्टर कैथरीन (27), डॉक्टर अभिनव (25), डॉक्टर जितेंद्र मौर्य (28) और डॉक्टर महेश (29) सवार थे। डॉक्टर हर्षद खुद ही इनोवा को चला रहे थे। घटना रात करीब ढाई बजे एक्सप्रेस-वे सुरीर थाना क्षेत्र के माइल स्टोन 88 के पास की है। जहां इनोवा कार आगे चल रहे कंटेनर में जा घुसी। इस दौरान इनोवा सवार लोग उसमें फंस गए और चीखने-चिल्लाने लगे। रात का समय होने से वहां पर मदद भी करने वालों की संख्या कम थी। हालांकि घटना जानकारी मिलते ही सीओ मांट विजय कुमार मिश्र और सुरीर पुलिस मौके पर पहुंची। तुरंत ही गाड़ी में फंसे लोगों को काफी मुश्किल से बाहर निकाला गया। पुलिस ने घायलों को पास के अस्पताल में उपचार के लिए भेजा।