मुंबई। मुंबई में प्री-मानसून अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई में तेज हवा के साथ हुई बारिश के कारण जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। मुंबई में पिछले 72 घंटों के दौरान 13 लोगों की मौत हो चुकी है। स्काईमेंट ने मुंबई में भारी बारिश की आशंका व्यक्त की है।
मुंबई में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए लोगों को घर से बाहर न निकलने की हिदायत दी गई है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन में महाराष्ट्र और गोवा पहुंचने की संभावना जताई है। मानसून अभी गति पकड़ रहा है और इसके केरल, तटीय कर्नाटक, कोंकण क्षेत्र और गोवा में सात जून से तेज बारिश की आशंका जताई है।
दूसरी तरफ महाराष्ट्र में बारिश का असर रेल और विमान सेवाओं पर भी देखा जा रहा है। पश्चिम एवं मध्य रेलवे की कई गाडि़याें का परिचालन भी प्रभावित हुआ है। कई ट्रेनें विलंब से चल रही हैं। एक निजी एजेंसी स्काईमेट का कहना है कि 8 से 10 जून के बीच पश्चिमी तट और खासकर मुंबई में बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने 10 जून के बाद इन इलाकों में बाढ़ की आशंका जाहिर की है।
पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय में सचिव एम राजीवन ने कहा कि मानसून के सात जून से ‘मजबूत’ होने के आसार हैं। इस कारण केरल, तटीय कर्नाटक, मुंबई और गोवा सहित कोंकण क्षेत्र में ‘भारी बारिश’ हो सकती है।