नई दिल्ली। सनलाइट कॉलोनी के भगवान नगर में पूर्वोत्तर के रहने वाले एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। हत्या का आरोप उसके चचेर भाई पर लगा है। मृतक युवक की पहचान मणिपुर निवासी सुहाईमी खंगाह एसएस के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि खाता से रुपये निकालने को लेकर कहासुनी हुई थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस फरार चल रहे आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक गुरुवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे एक व्यक्ति की हत्या की सूचना मिली। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम भगवान नगर पहुंची। मौके पर पुलिस को एक युवक के खून से सने हुए कपड़े मिले। पूछताछ करने पर पता चला कि कैट्स एंबुलेंस घायल युवक को पास के अस्पताल में लेकर गई है। पुलिस की टीम जब अस्पताल में पहुंची तो बताया गया कि इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई है।
पुलिस को आगे की छानबीन में पता चला कि मृतक युवक की आरोपी से खाते से रुपये निकालने को लेकर कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद आरोपी ने उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। वारदात के बाद से ली सिंघम फरार है। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फरार चल रहे आरोपी की तलाश कर रही है।










