एक हफ्ते बाद ट्रांसपोर्टरों की देशव्यापी हड़ताल खत्म

812

नई दिल्ली। देश मे ट्रांसपोर्टरों का चक्का जाम और हड़ताल खत्म हो गई है। ट्रांसपोर्टरों की सरकार से सहमति बनने के बाद आठ दिनों तक चली हड़ताल खत्म हो गई। 20 जुलाई से ही देश में ट्रकों की हड़ताल चल रही थी। ट्रांसपोर्टरों की मुख्य परेशानी डीजल की कीमतों में वृद्धि है।

ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के पदाधिकारियों की मानें तो कमेटी की सरकार से मांगों को लेकर बातचीत हुई जिसमें कुछ शर्तों पर दोनों के बीच सहमति बन गई है।

अधिकारियों ने बताया कि अन्य मांगो को लेकर सरकार की ओर से एक उच्चस्तरीय कमेटी बना दी गई है। यह कमेटी तय समय सीमा के अंदर सरकार को अपनी रिपोर्ट सौपेंगी, जिस पर सरकार जरूरत के हिसाब से एक्शन लेगी।

हड़ताल समाप्त होने से रोजमर्रा की चीजों के दामों में बढ़ोत्तरी की आशंका अब खत्म हो गई है। करीब एक सप्ताह तक चली ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल शुक्रवार को समाप्त हो गई। इसके साथ ही देशभर के लाखों ट्रक सड़कों पर आ गए।

हड़ताल समाप्ति की घोषणा दिल्ली गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के चेयरमैन तरलोचन सिंह ने की और ट्रांसपोर्टर्स को बताया कि सरकार के साथ हुई बातचीत में थर्ड पार्टी इंश्योरेंस, टोल कैशलेस, टोल परमिट को लेकर बात मान ली गई है। वहीं कई अन्य मांगों के लिए सरकार ने एक उच्चस्तरीय कमेटी गठित कर दी है, जो तय सीमा में सरकार को रिपोर्ट सौंपेगी।