दिल्ली एनसीआर में बढ़ा उमस, लोगों का हाल हुआ बेहाल

749

फरीदाबाद। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभी के वक्त में दिल्ली में अच्छी बारिश की कोई संभावना नहीं है। मानसून कमजोर होने के चलते यहां बारिश न होने के साथ-साथ गर्मी और उमस का कहर बरसने वाला है।

बुधवार को दिल्ली एनसीआर में अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री रहा। कुछ इलाकों में मंगलवार रात आई बारिश ने मौसम सुहाना तो किया लेकिन बुधवार को गर्मी से लोगों का बुरा हाल हुआ। पूरे दिन इलाकों में बारिश नहीं हुई, साथ ही हवा में नमी का स्तर 59 से 87 फीसदी तक रहा।

स्काईमेट वैदर के मुताबिक, मानसून की अक्षीय रेखा अब दिल्ली के उत्तर की तरफ परिवर्तित हो गई है। इसलिए हवा की दिशा दक्षिणी पूर्व से पश्चिम की तरफ बदल गई है। उम्मीद की जा रही है कि दिल्ली एनसीआर में अगले 4-5 दिन बादल तो छाए रहेंगे लेकिन गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिलेगी।

मौसम विभाग के पूर्वानुमानों के मुताबिक, गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 35 तो वहीं न्यूनतम 28 के आसपास बना रह सकता है। इलाकों में पूरे दिन बादल छाए रहेंगे और हवा में नमी की कमी होने के चलते गर्मी का अहसास ज्यादा होगा।