फरीदाबाद। इण्डियन नेशनल लोकदल के प्रदेश प्रवक्ता ठाकुर उमेश भाटी ने लोकसभा चुनावों से पूर्व टोल टैक्स को जजिया कर कहने वाले केन्द्रीय राज्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा कि केन्द्रीय राज्यमंत्री शायद यह भूल गये है कि उन्होंने चुनावों से पूर्व फरीदाबाद की जनता से कुछ वादा किया था।
उन्होंने कहा कि बदरपुर टोल प्लाजा पर फरीदाबाद वासियों से टोल टैक्स वसूला जा रहा है जो कि एक तरह से अवैध वसूली एवं जजिया कर कहा जाये तो गलत नहीं होगा और सीधे सीधे फरीदाबाद की जनता के साथ धोखा कर उनकी जेबों पर डाका डाला जा रहा है।
ठाकुर उमेश भाटी ने कहा कि चुनावों से पूर्व फरीदाबाद के सांसद एवं केन्द्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गूर्जर ने साफ साफ शब्दो में कहा था कि इस जजिया कर को भाजपा का शासनकाल आते ही हटा दिया जायेगा फरीदाबाद की जनता ने उन पर विश्वास किया और उन्होंने सबसे अधिक मतों से सांसद को विजयी बनाया परंतु भाजपा सरकार आते ही टोल टैक्स हटने की बजाये और अधिक हो गया है।
उन्होंने कहा कि पहले इस टोल टैक्स का 600 करोड टैक्स दिया जाता था जो अब बढा कर 1200 करोड कर दिया गया है उसके बावजूद भी जजिया कर वसूला जा रहा है जिसे इण्डियन नेशनल लोकदल सहन नहीं करेगी और वह इस सरकार के खिलाफ इस जजिया कर को हटाने के खिलाफ अपना मोर्चा खोलने के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होने कहा कि हरियाणा की जनता के साथ इनेलो अन्याय सहन नहीं करेगी ओर जितने भी अन्याय हो रहे है उनके खिलाफ इनेलो खुल कर मोर्चा खोलेगी।
उन्होने कहा कि अभी तक स्मार्ट सिटी का कार्य ही शुरू नहीं हो पाया है। स्मार्ट सिटी के नाम पर लोगों को जगह-जगह शहर में गड्ढे, अव्यवस्था, जल भराव, सड़कें खुदी हुई और गंदगी के ढेर मिलेंगे। भाटी ने कहा कि फरीदाबाद में कानून व्यवस्था के नाम पर इस संभावित स्मार्टसिटी ने पूरे भारतवर्ष के कई आपराधिक पृष्ठ-भूमि वाले शहर भी पीछे छोड़ हुए हैं। महिलाओं के साथ हो रहा दुव्र्यवहार सरकार के’बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसे सरकारी नारों की पोल खोल रहा है।













