मेले स्थल पर लगने वाले दुकानों का सर्वे सत्यापन कराने के दिए निर्देश
उत्तरकाशी। आगामी मकर संक्रांति से लगने वाले पौराणिक माघ मेला की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अभिषेक रुहेला ने रेखीय विभागों की बैठक ली। जिलाधिकारी ने अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को समुचित तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में डीएम ने कहा कि वर्तमान में कोविड-19 के नए वैरिएंट को देखते हुए भारत सरकार की गाइडलाइन का पालन कराने के भी निर्देश दिए। मेले प्रांगण में बिना मास्क की किसी को अनुमति नहीं मिलेगी।
उन्होंने मेले के दौरान विद्युत व पानी की निर्विवाद आपूर्ति सुनिश्चित रखने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। मेले के पहले दो दिन के भीतर जिला पंचायत के माध्यम से लगने वाली दुकानों का सर्वे सत्यापन कराने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था मेले परिसर में पुलिस कंट्रोलरूम एवं सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के भी निर्देश दिए हैं।मेले में प्रवेश-निकासी द्वार अलग से बनाने के निर्देश दिए गए ताकि आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा जनमानस को न हो। साथ ही जिलाधिकारी ने मेले में लगने वाली दुकानों के बीच अग्निशमन वाहन की आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश संस्था को दिए। सम्पूर्ण माघ मेले के दौरान एवं मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर स्नान घाटों पर स्वच्छता व सुरक्षा व्यवस्था को चाकचौबंद रखने के साथ ही घाटों को प्रकाशमान रखने के निर्देश दिए।
बैठक में एसपी अर्पण यदुवंशी, डीएफओ पुनीत तोमर, सीडीओ गौरव कुमार, एडीएम तीर्थपाल सिंह, एसडीएम भटवाड़ी चतर सिंह चौहान, अपर पुलिस अधीक्षक अनुज कुमार, कोतवाली निरीक्षक दिनेश कुमार, मुख्य जिला पंचायत के अपरमुख्य अधिकारी मनबर सिंह राणा आदि उपस्थित रहे।









