31 नकलची अभ्यर्थियों की पूरी कुंडली की हुई जानकारी, आरोपियों पर एसआईटी ने की गैंगस्टर की कार्यवाही
हरिद्वार। पटवारी/लेखपाल पेपर प्रकरण में एसआईटी हरिद्वार की कार्यवाही का दौर शुरू हो गया है। जेल भेजे गए सभी आरोपियों पर एसआईटी ने गैंगस्टर की कार्यवाही कर दी है।
एसएसपी हरिद्वार अजय सिंह ने कहा कि प्रकरण में पूरी तह तक जाएंगे, कोई भी हो कानून से बचेगा नहीं। उन्होने कहा कि मेरे द्वारा स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम को हेड करने के साथ लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। कोई भी खबर इस प्रकरण में आधिकारिक पुष्टि के बाद ही प्रचार प्रसार करे, ये हमारे युवाओं के भविष्य से जुड़ा हुआ विषय है। मुख्यमंत्री उत्तराखंड के सख्त निर्देश हैं और अब एसआईटी हरिद्वार सभी का पर्दाफाश करेगी। एसआईटी हरिद्वार ने सोमवार को आरोपी सोनू कुमार उर्फ खडकू निवासी पाडली खुशालपुर थाना जनकपुरी जिला सहारनपुर उत्तर प्रदेश को छुटमलपुर बस अड्डा सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही रिजॉर्ट से महत्वपूर्ण साक्ष्य भी संकलन किया जिसमे सीसीटीवी रिकॉर्डिंग और इलेक्ट्रॉनिक एविडेंस भी शामिल है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह संजीव दुबे का मौसेरा भाई है जिसके कहने पर उसने रिजॉर्ट में रुके अभियार्थिओ की निगरानी की थी और इस काम के उसे 10 हजार रूपये भी दिए थे।












