तेंदुए की दस्तक से भय का माहौल, झाडियां कटावाई

94


नैनीताल। नैनीताल जिला मुख्यालय नैनीताल के समीप आरूखान गांव में तेंदुए की दस्तक से लोगों में भय का माहौल बना है।  सूचना के बाद वन विभाग की ओर से क्षेत्र में रात को गश्त की तो वहीं  सुबह गांव को जाने वाली झाडियों को साफ किया।
बता दें कि देर शाम नगर पालिका कर्मचारी आरुखान निवासी  कंचन कुमार चंद  ड्यूटी से अपने घर की ओर जा रहा था कि बल्दियाखान से अपनी बाइक पर आरुखान की ओर निकला ही था कि झाड़ी से निकलकर तेंदुआ उनकी बाइक के सामने आ गया। इस दौरान तेंदुए को सामने देख वह अनियंत्रित हो गया और तेंदुए से बाइक जा टकराई। इस दौरान कंचन बाईक समेत सडक में गिरकर चोटिल हो गया और तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। गनीमत रही कि तेंदुए ने बचाव में कंचन के ऊपर हमला नहीं किया। इस दौरान गिरने में कंचन के पैर की हड्डी फ्रेक्चर हो गई। बीडी पांडे अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद कंचन को छुट्टी दे दी गयी। सूचना के बाद वन क्षेत्राधिकारी मुकुल शर्मा ने तुरंत क्षेत्र में टीम से गश्त कराई हांलाकि गश्त के दौरान टीम को तेंदुआ नहीं दिखाई दिया। दूसरी ओर गुरुवार को भी वन विभाग की ओर से टीम भेजकर आरूखान के रास्ते के किनारे झाडियों को साफ  कर जला दिया।