क्रिसमस और नए साल से पहले पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार

130


मसूरी में जाम ने छुटाए पसीने
देहरादून। प्रदेश की राजधानी देहरादून में क्रिसमस और नए साल से पहले पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार हो गए हैं। कई राज्यों से सैलानी क्रिसमस मनाने उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। दिन प्रति दिन बढ़ती पर्यटकों की संख्या से कारोबारियों के चेहरे भी खिलने लगे हैं। सोमवार क्रिसमस की छुट्टी ने सैलानियों के वीकेंड  को खास बना दिया है। इस कारण प्रदेश की सड़कों पर जाम देखने को मिल रहा है।
मसूरी से लेकर चकराता और ऋषिकेश पर्यटकों से पैक हैं। वहीं, होटल और रिजॉर्ट भी फुल हो गए हैं। उधर, बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से जाम की स्थिति भी बनी हुई है। सुबह से शाम तक वाहन सड़कों पर रेंग रेंगकर चलते नजर आए। मसूरी में क्रिसमस की तैयारी पूरी हो गई है। शहर के अधिकांश होटल क्रिसमस के लिए एडवांस बुक हो गए हैं। वहीं वीकेंड पर 80 और क्रिसमस के लिए शहर के 50 फीसदी होटल पैक हो गए हैं। शहर में बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से चैक चैराहों पर ट्रैफिक जाम लगा है। पर्यटक और स्थानीय लोग जाम से परेशान दिखे। वहीं, पुलिस को भी स्थिति संभालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।