मुख्यमंत्री से मिली सिंगटाली मोटर पुल संघर्ष समिति, वित्तीय स्वीकृति पर जताया आभार
देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से आज विधायक यमकेश्वर श्रीमती रेनु बिष्ट के नेतृत्व में सिंगटाली मोटर पुल संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने भेंट की। समिति ने पुल निर्माण के लिए ₹57 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने हेतु मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि गढ़वाल और कुमाऊँ को जोड़ने वाला यह पुल पिछले 20 वर्षों से लंबित था। मुख्यमंत्री की पहल पर इसके निर्माण की स्वीकृति मिलने से क्षेत्र के लोगों में विकास की नई उम्मीद जगी है।
संघर्ष समिति ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि पुल निर्माण का कार्य शीघ्र आरंभ करने हेतु भूमि पूजन भी किया जाए। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष श्री उदय सिंह नेगी सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।









