भारत माता पूजन कर भारतीय किसान संघ कार्यकर्ताओं ने लिया अखंड भारत की रक्षा का संकल्प

12

सुकर्म पाल राणा

हरिद्वार। भारतीय किसान संघ उत्तराखंड की ओर से 26 जनवरी की पूर्व संध्या पर हरिद्वार जनपद के शेखपुरी गांव में भारत माता पूजन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के चार जनपदों तथा छह गांवों से आए कुल 52 कार्यकर्ताओं (12 महिलाएं और 40 पुरुष) ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, शामली, बागपत और उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद के कार्यकर्ता शामिल हुए। वहीं शेखपुरी, बसेड़ा, मुंडा खेड़ा खुर्द, ऊंचा गांव, सलेमपुर और लोहारी गांवों से आए महिला-पुरुषों ने ग्राम समिति के अध्यक्ष ऋषिपाल सिंह के आवास के सामने तिराहे पर विधि-विधान से अखंड भारत का नक्शा बनाकर भारत माता का पूजन किया। धूप-बत्ती जलाकर प्रत्येक कार्यकर्ता को पुष्प प्रदान किए गए और “भारत माता की जय” के जयघोष के साथ पुष्प अर्पित किए गए।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष कुशल पाल राणा, जिला महिला प्रमुख लक्ष्मी देवी, संगठन मंत्री (उत्तराखंड) सुकर्म पाल राणा, ऋषिपाल सिंह, चौधरी नरेश पाल सिंह, चौधरी ओमवीर सिंह, चौधरी लखन सिंह, शिवकुमार चौधरी, अजब सिंह चौधरी, रतन सिंह, नीरज कुमार, नितिन कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने संकल्प लिया कि किसी भी कीमत पर भारत माता का भविष्य में विभाजन नहीं होने देंगे और देश की सुरक्षा के लिए प्राणों की बाजी लगाने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष कुशल पाल राणा ने कहा कि भारत के जिस हिस्से में भारत माता की जय बोलने वालों की संख्या कम हो जाती है, वह हिस्सा भारतवर्ष से अलग हो जाता है, जिसे आज हम पाकिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका और बर्मा जैसे नामों से जानते हैं। उन्होंने कहा कि मजदूर-किसानों के मन में भारत माता के प्रति श्रद्धा, समर्पण और बलिदान की भावना ही देश की सुरक्षा को सुनिश्चित कर सकती है।

जिला महिला प्रमुख लक्ष्मी देवी ने कहा कि भारत की सुरक्षा केवल पुरुषों की ही नहीं, बल्कि महिलाओं, माताओं और बहनों की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि यदि भविष्य में कभी भारत माता की एकता और अखंडता पर संकट आया तो महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी होंगी।

संगठन मंत्री सुकर्म पाल राणा ने कहा कि भारतीय किसान संघ देसी गाय आधारित जैविक खेती, वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता अभियानों द्वारा किसानों को संगठित व जागरूक करने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन राष्ट्रविरोधी तत्वों का डटकर मुकाबला करेगा और किसी भी कीमत पर भारतवर्ष की एकता और अखंडता को ठेस नहीं पहुंचने देगा।

कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ भारत माता की आरती कर कार्यक्रम का समापन किया गया।