भव्य परेड एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ पुलिस मैदान गोपेश्वर में हर्षोल्लास से मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस

11

गोपेश्वर-भव्य परेड एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ पुलिस मैदान गोपेश्वर में हर्षोल्लास से मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस

जवानों के जोश, अनुशासन और देशभक्ति ने तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजाया पुलिस मैदान

आज दिनांक 26 जनवरी 2026 को 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर पुलिस मैदान, गोपेश्वर में भव्य एवं ऐतिहासिक गणतंत्र दिवस परेड का आयोजन किया गया। परेड का शुभारम्भ उस गौरवपूर्ण क्षण के साथ हुआ जब पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार एवं जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार द्वारा मुख्य परेड की सलामी ली गई। इसके उपरान्त मुख्य अतिथि डॉ. धन सिंह रावत, प्रभारी मंत्री जनपद चमोली द्वारा ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया गया।

हर कदम, हर कमांड और हर मार्च-पास्ट में जवानों का जोश, अनुशासन और आत्मगौरव स्पष्ट दिखाई दिया। परेड की कमान पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा ने अपने कुशल नेतृत्व में संभाली, जिनके साथ निरीक्षक यातायात दिगम्बर उनियाल एवं उपनिरीक्षक सम्पूर्णानन्द जुयाल ने द्वितीय व तृतीय कमान का दायित्व निभाया। जवानों की सटीकता और तालमेल ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस वर्ष की परेड में जिला पुलिस, पीएसी, संचार, फायर सर्विस की महिला टुकड़ियाँ, होमगार्ड्स महिला/पुरुष, वन विभाग एवं एनसीसी कैडेट्स (महिला) शामिल रहे। परेड का सबसे मनमोहक दृश्य रहा क्राइस्ट एकेडमी, कोठियालसैंण के नन्हे-मुन्ने बच्चों का बैण्ड प्रदर्शन—जिनकी मधुर धुन, मासूम मुस्कान और ऊर्जा ने हर दिल जीत लिया।

तत्पश्चात पुलिस एवं अन्य विभागों द्वारा अपनी-अपनी झाँकियों का प्रदर्शन किया गया। विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने इस अवसर पर मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जिनमें देशभक्ति गीत, नृत्य, नाटक व स्थानीय संस्कृति से जुडी प्रस्तुतियाँ शामिल थी, जो दर्शकों में देश के प्रति गर्व और प्रेरणा का संचार करने में सफल रही। ताइक्वांडो के बच्चों द्वारा दिखाए गए कौशल, साहस और अनुशासन ने यह स्पष्ट कर दिया कि खेल बच्चों को मजबूत शरीर के साथ मजबूत चरित्र भी देता है।

उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए होमगार्ड महिला प्लाटून को प्रथम,सशस्त्र पुलिस प्लाटून को द्वितीय तथा पीएसी प्लाटून को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। झांकियों में उद्यान विभाग प्रथम, उद्योग विभाग द्वितीय एवं ग्राम्य विकास विभाग तृतीय स्थान पर रहा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सुबोध प्रेम विद्या मंदिर प्रथम, पीस पब्लिक स्कूल द्वितीय एवं राजकीय इंटर कॉलेज गोपेश्वर तृतीय स्थान पर रहा। सभी विजेताओं को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।

इसके अतिरिक्त, इस अवसर पर विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों तथा साहस व प्रतिभा का परिचय देने वाले बहादुर बच्चों को भी सम्मानित किया गया।

समारोह में विधायक थराली भूपाल राम टम्टा, नगर पालिका अध्यक्ष गोपेश्वर सन्दीप रावत, नगर पालिका अध्यक्ष कर्णप्रयाग गणेश शाह, ब्लॉक प्रमुख दशोली श्रीमती विनीता देवी, मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, कर्नल सौरभ पती, कर्नल आर के गोयत, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गिरीश बिष्ट सहित जनपद स्तरीय अधिकारी, गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में स्थानीय जनता उपस्थित रही।