चारधाम यात्रा-2026: ट्रैफिक व अपराध नियंत्रण के लिए चमोली पुलिस का सशक्त प्लान

1

चमोली -चारधाम यात्रा-2026: ट्रैफिक व अपराध नियंत्रण के लिए चमोली पुलिस का सशक्त प्लान

डीएम व एसपी ने 24 मोबाइल बाइक टीमों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, हर मोड़ पर मिलेगी त्वरित सहायता व सुरक्षा

चारधाम यात्रा-2026 को सुगम, सुरक्षित और निर्बाध बनाने के लिए चमोली पुलिस ने एक और बड़ा कदम उठाया है। यात्रा मार्गों पर बढ़ते यातायात दबाव और संभावित जाम की समस्या से निपटने के साथ-साथ अपराधों पर भी प्रभावी नियंत्रण हेतु अब “पुलिस मोबाइल बाइक” टीमें हर मोड़ पर सक्रिय नजर आएंगी और आपात स्थिति में तुरंत राहत पहुंचाएंगी।

इसी क्रम में आज दिनांक 21/04/2026 को जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार व पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार द्वारा पुलिस मैदान से 24 मोबाइल बाइक टीमों को सैक्टर अधिकारियों के साथ हरी झंडी दिखाकर यात्रा रूट के लिए रवाना किया गया।

चारधाम यात्रा, जहां हर वर्ष हजारों श्रद्धालु भगवान के दर्शन के लिए पहुंचते हैं, वहीं बढ़ती भीड़ के चलते यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था दोनों बड़ी चुनौती बन जाती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए चमोली पुलिस द्वारा यह रणनीतिक पहल की गई है, जिससे न केवल ट्रैफिक को सुचारू रखा जा सके, बल्कि यात्रा मार्गों पर सुरक्षा का मजबूत घेरा भी सुनिश्चित किया जा सके।

मोबाइल बाइक टीमें विशेष रूप से संकरे, संवेदनशील, लैंडस्लाइड जोन और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार गश्त करेंगी। ये टीमें संपूर्ण यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के साथ-साथ अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु सक्रिय रहेंगी। साथ ही, ये टीमें न केवल ट्रैफिक को नियंत्रित करेंगी, बल्कि यात्रियों को तुरंत राहत देने, मार्गदर्शन करने एवं आवश्यकता पड़ने पर आपात सहायता भी उपलब्ध कराएंगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इस पहल से जहां यात्रा मार्गों पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित होगी, वहीं श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और विश्वास में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।