गृह सचिव उत्तराखण्ड शासन ने गोपीनाथ मंदिर में किए दर्शन

1

चमोली- गृह सचिव उत्तराखण्ड शासन ने गोपीनाथ मंदिर में किए दर्शन, भारत के प्रख्यात पर्यावरणविद् श्री चंडी प्रसाद भट्ट से भेंट कर पर्यावरण संरक्षण, हिमालयी पारिस्थितिकी एवं सतत विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दौरान गृह सचिव उत्तराखण्ड शासन श्री शैलेश बगोली (IAS) महोदय ने आज ऐतिहासिक श्री गोपीनाथ मंदिर, गोपेश्वर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं जनकल्याण की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

गोपीनाथ मंदिर दर्शन के अवसर पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं स्थानीय प्रबुद्धजनों द्वारा गृह सचिव महोदय का स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया गया।

इसके पश्चात, गृह सचिव महोदय ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों व स्थानीय प्रबुद्ध जनों से सौहार्दपूर्ण वार्ता की। वार्ता के दौरान उन्होंने पंचकेदार में से एक श्री रुद्रनाथ जी की प्रचलित यात्रा की व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।उन्होंने यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी साझा किए।

धार्मिक दर्शन के उपरांत, गृह सचिव श्री शैलेश बगोली जी ने रेमन मैग्सेसे पुरस्कार, पद्म भूषण व गांधी शांति पुरस्कार से सम्मानित, भारत के महान पर्यावरणविद् एवं प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता श्री चंडी प्रसाद भट्ट जी के आवास पर जाकर उनसे शिष्टाचार भेंट की।

इस शिष्टाचार मुलाकात के दौरान गृह सचिव  और श्री चंडी प्रसाद भट्ट जी के मध्य हिमालयी क्षेत्र की संवेदनशीलता, पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन तथा चमोली जनपद के सतत विकास से जुड़े विभिन्न गंभीर व समसामयिक विषयों पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई।गृह सचिव  ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भट्ट जी के ऐतिहासिक योगदान की सराहना करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

उल्लेखनीय है कि गृह सचिव उत्तराखण्ड शासन का जनपद चमोली से विशेष जुड़ाव रहा है। उन्होंने अपने प्रशासनिक सेवा के प्रारंभिक वर्षों के दौरान जनपद चमोली में मुख्य विकास अधिकारी के रूप में सफलतापूर्वक कार्य किया था।

इस दौरान श्री शांति प्रसाद भट्ट, श्री महेंद्र तिवाड़ी, श्री मनीष नेगी, श्री क्रांति भट्ट, श्री किशन सिंह बिष्ट व अन्य मौजूद रहे।