अल्मोड़ा-जनपद अल्मोड़ा के उत्कर्ष केंद्र आयुष्मान आरोग्य मंदिर (AAM), शैल में एक दिवसीय निःशुल्क दर्द निवारण एवं वेदना प्रबंधन वृहद आयुर्वेदिक शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. मोहम्मद शाहिद के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में क्षेत्र के कुल 54 मरीजों ने पंजीकरण कराकर आयुर्वेद की विशिष्ट उपचार पद्धतियों का लाभ प्राप्त किया।
शिविर का संचालन वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. कुबेर सिंह अधिकारी एवं शिविर नोडल अधिकारी डॉ. योगेंद्र सिंह के नेतृत्व में किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा मरीजों का निःशुल्क परीक्षण एवं उपचार किया गया।
इस अवसर पर डॉ. अजीत तिवारी द्वारा न्यूरो थेरेपी, कपिंग थेरेपी एवं मर्म चिकित्सा के माध्यम से पुराने दर्द से पीड़ित मरीजों को उपचार प्रदान किया गया। वहीं डॉ. हृषिकेश तिवारी के निर्देशन में पंचकर्म चिकित्सा का सफल संचालन किया गया।
डॉ दीपिका धर्मशक्तू ने शिविर के सफल डॉक्यूमेंटेशन, मीडिया को अरेंज एवं प्रेस विज्ञप्ति के कार्यों का संपादन किया।
पंचकर्म टेक्नीशियन श्री आशीष कुमार एवं अनामिका आशा जी द्वारा मरीजों को पंचकर्म थेरेपी प्रदान की गई। योग अनुदेशक ज्योति रैकवाल जी एवं पंकज मेहता जी द्वारा 25 मरीजों को रोगानुसार योगाभ्यास कराया गया। मुख्य फार्मासिस्ट अंशुल रावत जी एवं फार्मेसी अधिकारी रिचा रावत जी ने औषधि वितरण एवं सामग्री प्रबंधन की जिम्मेदारी का सफल निर्वहन किया। व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में श्री शिब्बन मेहरा जी, विक्की वाल्मीकि जी एवं सुनीता जी का विशेष सहयोग रहा।
शिविर का मुख्य उद्देश्य जनसामान्य को बिना किसी दुष्प्रभाव के आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धतियों, विशेष रूप से पंचकर्म एवं मर्म चिकित्सा के माध्यम से दर्द से राहत प्रदान करना रहा।
“सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः” के संकल्प के साथ शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ।










