“नशे को कहें ना, भविष्य को कहें हाँ”
चमोली- ‘पुलिस की पाठशाला’ में एसपी चमोली का युवाओं को संदेश—नशे से दूरी ही सुरक्षित और सफल जीवन की गारंटी
आज दिनांक 27 जून 2026 को पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, गोपेश्वर में प्रतिष्ठित समाचार पत्र अमर उजाला के तत्वावधान में “पुलिस की पाठशाला” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम “कानून का सम्मान, कानून से जीवन आसान” रही। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों, कानून के प्रति सम्मान, साइबर अपराधों से बचाव एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्या श्रीमती पुष्पलता आर्य ने स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया।
अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आज नशा युवाओं के भविष्य के सामने सबसे बड़ी चुनौती बनकर खड़ा है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे किसी भी प्रकार के नशे को जीवन में स्थान न दें और अपने मित्रों, परिवार तथा समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि एक विद्यार्थी यदि सही दिशा चुनता है तो वह पूरे परिवार और समाज के भविष्य को बदल सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, यातायात नियमों के पालन तथा कानून के प्रति जागरूक रहने का संदेश देते हुए कहा कि “नशे से दूरी, कानून का सम्मान और अनुशासित जीवन ही सफलता की असली पहचान है।”
नशा मुक्ति सप्ताह के अंतर्गत पुलिस विभाग, समाज कल्याण विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में छात्र-छात्राओं को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहेंगे तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान पोस्टर एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज, स्वस्थ जीवन एवं जागरूक नागरिक बनने के संदेश को अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से प्रस्तुत किया।
पोस्टर प्रतियोगिता में अपर्णा ने प्रथम, अमीषा ने द्वितीय एवं साक्षी रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं निबंध प्रतियोगिता में मानसी तोपाल प्रथम, अन्वीक्षा जोशी द्वितीय एवं आराध्या तृतीय स्थान पर रहीं।
एएनटीएफ प्रभारी सत्येंद्र बुटोला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि तंबाकू, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों का सेवन अनेक गंभीर बीमारियों का कारण बनता है। नशा व्यक्ति की सोच, स्वास्थ्य, परिवार, शिक्षा और भविष्य—सभी को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने तथा यदि कहीं नशे का अवैध कारोबार या सेवन होता दिखाई दे तो इसकी सूचना पुलिस को देने की अपील की।
कार्यक्रम में बाल संरक्षण अधिकारी श्रीमती रजनी पवार, जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं संचार प्रबंधक श्री उदय सिंह रावत, परियोजना समन्वयक चाइल्ड हेल्पलाइन श्री राजीव नौटियाल, अमर उजाला के प्रमोद सेमवाल, वीरेंद्र कोटियाल, गजेंद्र सिंह, नितिन देवराड़ी, विद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।










