हरेला पर्व की तैयारियां शुरू, डीएवी इंटर कॉलेज में एनएसएस छात्रों ने किया पौधारोपण

3

देहरादून। हरेला पर्व के उपलक्ष्य में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सोमवार को डीएवी इंटर कॉलेज, करनपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में पौधारोपण की तैयारियां शुरू की गईं। इस दौरान विद्यालय परिसर में पौधारोपण के लिए गड्ढे खोदे गए और विद्यार्थियों को वृक्षों के संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य एस.के. श्रीवास्तव ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण का संदेश देने वाला जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को समय-समय पर पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के उस आह्वान का भी उल्लेख किया, जिसमें प्रत्येक नागरिक से अपनी मां के नाम पर एक पौधा लगाने की अपील की गई है।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पैरालीगल वॉलंटियर (पीएलवी) श्रीमती मीना सिंह ने एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. बबीता सहोत्रा को नींबू का एक पौधा भेंट किया। इसके बाद डॉ. सहोत्रा ने एनएसएस स्वयंसेवकों के साथ विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पौधे केवल लगाने भर से काम नहीं चलता, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने पौधारोपण स्थल की तैयारी करते हुए गड्ढे खोदे और आगामी हरेला पर्व पर बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों तथा हरियाली बढ़ाने की आवश्यकता के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में एनएसएस के स्वयंसेवक सिद्धार्थ, मुस्कान, कार्तिक, अंश कुमार, प्रियंका पाल, शाहिना परवीन और अमोलिक सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। विद्यालय की शिक्षिका शकुंतला सिंह सहित अन्य शिक्षक भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने हरेला पर्व के अवसर पर अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया।