मुख्यमंत्री धामी से उत्तराखण्ड महापरिषद, लखनऊ के प्रतिनिधि भरत सिंह बिष्ट ने की मुलाकात

1

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखण्ड महापरिषद, लखनऊ के प्रतिनिधि भरत सिंह बिष्ट ने भेंट की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को महापरिषद से संबंधित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। मुलाकात में उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति, परंपराओं, भाषा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।

बैठक में उत्तराखण्ड से बाहर रह रहे प्रवासी उत्तराखण्डियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़े रखने और प्रदेश की समृद्ध लोक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों की भूमिका पर भी विचार-विमर्श किया गया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाज और आध्यात्मिक विरासत राज्य की विशिष्ट पहचान हैं। इनका संरक्षण और संवर्धन सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्य सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने प्रवासी उत्तराखण्डियों की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि अपनी मातृभूमि की संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहना महत्वपूर्ण है। उन्होंने सांस्कृतिक संगठनों के माध्यम से प्रदेश की लोक विरासत को संरक्षित करने और भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने के प्रयासों की महत्ता पर बल दिया।