विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका अहम: धामी

1

यूपीईएस के 24वें दीक्षांत समारोह में मुख्यमंत्री ने छह विद्यार्थियों को सिल्वर प्लेट पुरस्कार से किया सम्मानित
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और नवाचार की क्षमता देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री गुरुवार को बिधौली स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ पेट्रोलियम एंड एनर्जी स्टडीज (यूपीईएस) के 24वें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय के छह विद्यार्थियों को सिल्वर प्लेट पुरस्कार से सम्मानित किया। उन्होंने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। विश्वविद्यालय से निकलने के बाद उनके जीवन में एक नए अध्याय की शुरुआत होती है। अब उन्हें वास्तविक जीवन की चुनौतियों का सामना करना होगा। सफलता प्राप्त करने के लिए मेहनत, लगन और निरंतर सीखने की भावना जरूरी है। विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखते हुए निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल तकनीक का है दौर

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ), डेटा साइंस, ग्रीन एनर्जी और डिजिटल तकनीक का है। तेजी से बदलती दुनिया में युवाओं को नई तकनीकों के अनुरूप अपने कौशल को विकसित करना होगा। राज्य सरकार उत्तराखंड को शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और अनुसंधान के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए प्रयासरत है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू की गई है। आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय सांस्कृतिक विरासत और जीवन मूल्यों के समन्वय को बढ़ावा देने के लिए दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज की स्थापना की गई है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

रोजगार मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें युवा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को केवल नौकरी प्राप्त करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि स्वरोजगार और उद्यमिता के माध्यम से दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करने चाहिए। इसी दिशा में राज्य सरकार स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता को प्रोत्साहित कर रही है। युवाओं को अपने विचारों को व्यावहारिक रूप देने के लिए इन्क्यूबेशन सेंटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए देहरादून में साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है। इससे विज्ञान और तकनीक के प्रति विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने तथा उन्हें अनुसंधान के लिए प्रेरित करने में मदद मिलेगी।

## पांच साल में 35 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के परिणामस्वरूप पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को उनकी योग्यता और मेहनत के आधार पर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

ढाई लाख से अधिक विद्यार्थियों ने निबंध प्रतियोगिता में लिया भाग

मुख्यमंत्री ने हाल ही में आयोजित निबंध प्रतियोगिता का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें ढाई लाख से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया और विभिन्न विषयों पर अपने विचार व सुझाव प्रस्तुत किए। इससे पता चलता है कि उत्तराखंड के युवा सामाजिक और राष्ट्रीय मुद्दों के प्रति जागरूक हैं तथा उनके पास सकारात्मक सोच और नए विचार हैं। उन्होंने कहा कि जागरूक, शिक्षित और प्रतिभाशाली युवा किसी भी राज्य और देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला होते हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि यूपीईएस से शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी देश और दुनिया में अपनी प्रतिभा, कार्यक्षमता और उपलब्धियों के दम पर उत्तराखंड सहित पूरे देश का नाम रोशन करेंगे।

विद्यार्थियों और परिजनों से किया संवाद

दीक्षांत समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विद्यार्थियों और उनके परिजनों के बीच पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत कर उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। देश के विभिन्न हिस्सों से आए परिजनों से भी उन्होंने आत्मीय संवाद किया और उनका कुशलक्षेम जाना। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर विद्यार्थी और उनके परिजन उत्साहित नजर आए।

समारोह में यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, यूपीईएस के अध्यक्ष डॉ. राम के. शर्मा, कुलपति डॉ. सुनील राय, प्रो-वाइस चांसलर मनीष मदान सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।