बोले- स्वस्थ लोकतंत्र के लिए निष्पक्ष, सकारात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता जरूरी, जनसरोकारों को प्राथमिकता दे मीडिया
सबके राम’ की अवधारणा पर भी रखे विचार, कहा- भगवान श्रीराम के आदर्श संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित विंटेज ग्रीन में आयोजित कार्यक्रम में एनकेबी टाइम्स का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने समाचार संस्थान की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र के लिए निष्पक्ष, सकारात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता बेहद जरूरी है। पत्रकारिता केवल समाचारों के प्रसारण का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने और जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति की समस्याओं को सामने लाकर उनके समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जनहित के मुद्दों को प्रमुखता देना और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए जनजागरूकता पैदा करना पत्रकारिता का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने विश्वास जताया कि एनकेबी टाइम्स जनसरोकारों से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देते हुए पत्रकारिता के मूल्यों को आगे बढ़ाएगा। पत्रकारिता को जन-जन तक पहुंचाने और इसे निरंतर मजबूत बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों का सहयोग आवश्यक है।
‘सबके राम’ का भाव समाज को जोड़ने का संदेश
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘सबके राम’ की अवधारणा पर भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक धर्म, जाति या वर्ग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनके आदर्श संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। भारतीय परंपरा में भगवान श्रीराम को मर्यादा पुरुषोत्तम, आदर्श राजा और मानवीय मूल्यों का प्रतीक माना गया है। उनका जीवन त्याग, संयम, साहस, सहयोग, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर भगवान श्रीराम को ऊर्जा, समाधान और अनंतकाल का प्रतीक बताया था। भगवान श्रीराम के आदर्श समाज में एकता, सद्भाव और परस्पर सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि अयोध्या से रामेश्वरम तक भगवान श्रीराम से जुड़ी आस्था और परंपराएं देश की सांस्कृतिक एकता को सुदृढ़ करती हैं। ‘सबके राम’ का भाव समाज को जोड़ने और मानवीय मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में आत्मसात कर सामाजिक समरसता और सद्भाव को और मजबूत किया जा सकता है।
इस अवसर पर श्री नमन कृष्ण महाराज ने भी भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और आध्यात्मिक महत्व पर विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, सरिता आर्या, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दायित्वधारी डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, नवीन वर्मा, भावना मेहरा एवं रेणु अधिकारी, एनकेबी टाइम्स के निदेशक आदित्य सिसौदिया, सिद्धार्थ सिसौदिया, आशुतोष सिंह एवं गणेश जोशी, कुमाऊं मंडलायुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।













