बदरीनाथ धाम में दर्शन के दौरान माता-पिता से बिछड़ गई थी बच्ची, पुलिस ने कंट्रोल रूम से लाउडस्पीकर पर कराया अनाउंसमेंट, बेटी को सुरक्षित पाकर भावुक हुए परिजन
बदरीनाथ (चमोली)। विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच दर्शन करने पहुंची नन्हीं अग्रिमा अचानक अपने माता-पिता से बिछड़ गई। चारों ओर श्रद्धालुओं की भीड़ और अनजान चेहरों के बीच मासूम बच्ची अकेली खड़ी परेशान हो गई। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की नजर उस पर पड़ी। पुलिस जवानों ने बच्ची को संभाला और अपनी सूझबूझ से कुछ ही समय में उसे सकुशल परिजनों से मिला दिया।
जानकारी के अनुसार, बदरीनाथ धाम में दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच अग्रिमा अपने माता-पिता से बिछड़ गई थी। अकेली खड़ी बच्ची को देखकर ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी उसके पास पहुंचे और प्यार से पूछताछ की। बच्ची ने बताया कि वह अपने माता-पिता से बिछड़ गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जवानों ने तत्काल बच्ची के परिजनों की तलाश शुरू कर दी। इसके लिए पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से लाउडहेलर पर लगातार अनाउंसमेंट कराया गया। धाम के विभिन्न स्थानों पर सूचना प्रसारित कर परिजनों तक संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया।
काफी देर तक चली खोजबीन और लगातार अनाउंसमेंट के बाद बच्ची के परिजन पुलिस के पास पहुंच गए। अपनी बेटी को सकुशल देखकर परिजनों की चिंता दूर हुई। उन्होंने बदरीनाथ पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय व्यवहार के लिए हृदय से आभार जताया।
पुलिस की इस पहल ने एक बार फिर साबित किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी सहायता करना भी पुलिस की प्राथमिकता है।












