2027 की चुनावी तैयारी में जुटी भाजपा, धामी ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र, बोले- डबल इंजन सरकार के ऐतिहासिक फैसलों को घर-घर तक पहुंचाएं, संगठन की मजबूती ही सफलता का आधार

1

हरिद्वार, 21 नवंबर। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को हरिद्वार में भाजपा के संयुक्त मोर्चा एवं प्रकोष्ठ पदाधिकारियों की बैठक में शिरकत कर कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार ने कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। इन फैसलों और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित, अनुशासित और कर्मठ कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं के परिश्रम और संगठन के प्रति निष्ठा के बल पर ही पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा, सुशासन और अंत्योदय की विचारधारा है।

धामी ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से उत्तराखंड में सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, औद्योगिक निवेश और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से काम हुआ है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना है। इसके लिए विकास योजनाओं को गति देने के साथ युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के फैसलों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू की गई है। नकल माफिया पर अंकुश लगाने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून बनाया गया है। महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। वहीं, तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बनकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ी हैं।

उन्होंने सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों से अपने-अपने सामाजिक वर्गों के बीच सक्रियता बढ़ाने को कहा। युवा मोर्चा युवाओं, महिला मोर्चा महिलाओं और किसान मोर्चा किसानों के बीच सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करे। उन्होंने कहा कि चुनाव में बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती निर्णायक होती है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र की समस्याओं और लोगों की अपेक्षाओं को समझते हुए उनसे लगातार संपर्क बनाए रखे।

मुख्यमंत्री ने संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान भी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरे समर्पण और अनुशासन के साथ संगठनात्मक दायित्व निभाने की अपील की।

बैठक में भाजपा प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद एवं प्रदेश सह प्रभारी बांसुरी स्वराज, प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।