हैट्रिक के लिए चुनावी मैदान में उतरें कार्यकर्ता, भाजपा ही उत्तराखंड की स्वाभाविक पार्टी : राम माधव

1

राम माधव ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश, बोले- भाजपा रिकॉर्ड तोड़ने वाली पार्टी; अरविंद मेनन ने दिया 51 प्रतिशत वोट का लक्ष्य, घर-घर पहुंचेगा सरकार का रिपोर्ट कार्ड

हरिद्वार, 22 नवंबर।उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करने के लक्ष्य के साथ भाजपा ने चुनावी तैयारियों को तेज करने का बिगुल फूंक दिया है। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राम माधव ने कार्यकर्ताओं से ऐतिहासिक हैट्रिक के लिए पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि भी है और वीरभूमि भी। सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को आत्मसात करने वाली भाजपा ही प्रदेश की ‘नेचुरल पार्टी ऑफ गवर्नेंस’ है। वहीं, प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने प्रत्येक बूथ पर 51 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल करने का लक्ष्य देते हुए संगठन को चुनावी मोड में सक्रिय होने का मंत्र दिया।

राम माधव ने कहा कि भाजपा केवल चुनाव जीतने वाली पार्टी नहीं, बल्कि रिकॉर्ड तोड़ने वाली पार्टी है। उत्तराखंड और हिमाचल जैसे राज्यों में हर पांच साल में सरकार बदलने की परंपरा को भाजपा ने तोड़ा है। अब दस साल के सफल शासन के बाद पार्टी 15 साल तक लगातार जनसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में जिस तरह का उत्साह और माहौल है, उसे देखते हुए भाजपा को कोई बाहरी ताकत पराजित नहीं कर सकती। जरूरत केवल कार्यकर्ताओं की निरंतर सक्रियता और एकजुटता बनाए रखने की है।

उन्होंने कहा कि भाजपा में सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी योग्यता और परिश्रम के दम पर टिकट का दावेदार बन सकता है। यहां परिवारवाद और धनबल के आधार पर फैसले नहीं होते। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका सबसे बड़ा उदाहरण हैं। उन्होंने टिकट के दावेदारों को नसीहत दी कि टिकट भले ही किसी एक व्यक्ति को मिले, लेकिन जीत पूरे संगठन की होनी चाहिए। सभी कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ऊपर उठकर पार्टी की विजय के लिए काम करना होगा।

राम माधव ने उत्तराखंड राज्य निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और तत्कालीन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह के योगदान को याद करते हुए कहा कि राज्य के 27 वर्षों के इतिहास में जनता ने 17 वर्षों तक भाजपा को सेवा का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि आदि कैलाश से बदरीनाथ धाम तक हुए विकास कार्य प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की प्रतिबद्धता दर्शाते हैं। दिल्ली, पंजाब और हिमाचल से आए विस्तारक भी जिला केंद्रों पर रहकर संगठन को मजबूत बनाने में सहयोग करेंगे।

वहीं, प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने बूथ प्रबंधन को चुनावी जीत का सबसे महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि पार्टी का लक्ष्य प्रत्येक बूथ पर 51 प्रतिशत से अधिक मत हासिल करना है। इसके लिए समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनानी होगी। उन्होंने ‘संपर्क, संवाद, सहभाग और सेवा’ के मंत्र को अपनाकर जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।

मेनन ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की धामी सरकार का रिपोर्ट कार्ड तैयार कर घर-घर पहुंचाया जाएगा। कार्यकर्ता व्यक्तिगत संपर्क के साथ सोशल मीडिया और आधुनिक प्रचार माध्यमों का भी प्रभावी इस्तेमाल करें। सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता के सामने तथ्यों के साथ रखा जाए।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मेनन ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यदि भ्रष्टाचार का कोई ओलंपिक होता तो कांग्रेस को ही गोल्ड मेडल मिलता। अंग्रेजी वर्णमाला के ए से लेकर जेड तक कोई ऐसा अक्षर नहीं बचा, जिसके नाम पर कांग्रेस के शासनकाल में घोटाले का आरोप न लगा हो। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विपक्ष के आरोपों का जवाब सरकार के विकास कार्यों और उपलब्धियों के माध्यम से देने को कहा।

दोनों नेताओं के संबोधनों से कार्यकर्ताओं को साफ संदेश दिया गया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की रणनीति बूथ प्रबंधन, सरकार की उपलब्धियों के प्रचार, सामाजिक समीकरणों और मजबूत जनसंपर्क पर केंद्रित रहेगी। पार्टी नेतृत्व ने हैट्रिक के लक्ष्य को हासिल करने के लिए संगठन को अभी से पूरी ताकत झोंकने का आह्वान किया।