मोदी सरकार के नोटबंदी के फैसले पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के बयान से बीजेपी भड़क गई है। अब बीजेपी ने कांग्रेस अध्यक्ष पर पलटवार किया है। बीजेपी का कहना है कि इस तरह की भाषा बोलने वाला कभी प्रधानमंत्री नहीं बन सकता। बीजेपी नेता शहनवाज हुसैन ने कहा कि राहुल खुद अपना मजाक बनवा रहे हैं। आपको बता दें कि राहुल गांधी ने शनिवार को सिंगापुर में एक सवाल के जवाब में कहा कि नोटबंदी एक अच्छी पहल नहीं थी। अगर वह देश के प्रधानमंत्री होते तो नोटबंदी के प्रस्ताव को कचरे के डिब्बे में फेंक देते। इधर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी राहुल पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी तो बहुत सारी चीजों का फाड़ देते हैं और इसलिए जनता उनकी अपील को फाड़कर फेंक देती है। शहनवाज हुसैन ने बिहार और उत्तर प्रदेश में हो रहे उपचुनाव पर कहा कि देश को पीएम मोदी के नेतृत्व पर विश्वास है। बीजेपी सभी जगह जीतेगी।










