जम्मू के सांबा में पाक की गोलीबारी में बीएसएफ 4 जवान शहीद

708

श्रीनगर। पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर से सीजफायर तोड़ा। जम्मू-कश्मीर के सांबा सेक्टर में सीमा पार से फायरिंग की गई। गोलीबारी में असिस्टेंट कमांडेंट समेत बीएसएफ के 4 जवान शहीद हो गए।

बुधवार को पाकिस्तान की तरफ से अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान की तरफ से की गई गोलीबारी में 5 सुरक्षा कर्मी भी घायल हो गए। हमले जो सुरक्षा कर्मी शहीद हुए हैं उनमें असिस्टेंट कमांडेंट जितेंद्र सिंह, सब इंस्पेक्टर रजनीश, एएसआई रामनिवास और कांस्टेबल हंसराज शामिल हैं।

पाकिस्तान की तरफ से इस तरह अचानक सीज फायर उल्लंघन की घटनाओं में हाल के दिनों में बढ़ोतरी हुई है। बता दें कि 29 मई को भारत और पाकिस्तान के बीच सेना के डीजीएमओ स्तर की बातचीत हुई थी, जिसमें 2003 के संघर्ष विराम समझौते को पूरी तरह से लागू करने पर सहमति बनी थी।

भारत के डीजीएमओ लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान और पाकिस्तान के मेजर जनरल साहिर शमशाद मिर्जा के बीच बातचीत के बाद दोनों सेनाओं ने समान बयान जारी कर कहा कि दोनों देश 15 साल पुराने संघर्ष विराम समझौते को पूरी तरह से लागू करने पर सहमत हुए थे।