एमपी में मोदी: राजगढ़ में मोहनपुरा सिंचाई परियोजना का किया लोकार्पण, इंदौर के लिए हुए रवाना

870

नई दिल्ली। पीएम मोदी शनिवार को मध्यप्रदेश के दौरे पर हैं। उन्होंने राजगढ़ में 3800 करोड़ रुपए की लागत की मोहनपुरा वृहद सिंचाई परियोजना का लोकार्पण किया। उन्होंने वहां पर तीन पेयजल परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया। राजगढ़ के बाद पीएम मोदी इंदौर पहुंचे।

बता दें कि पीएम मोदी मध्यप्रदेश के अपने इस दौरे में इंदौर और भोपाल सहित 12 सव्च्छ शहरों को भी पुरस्कृत करेंगे। इसके साथ-साथ वे 20 शहरों में संचालित होने वाली नगरीय बस सेवा को भी हरी झंडी दिखाएंगे।

मोदी ने राजगढ़ में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को याद किया। उन्होंने कहा, “डॉ. मुखर्जी का मानना था कि सरकार को शिक्षा के लिए व्यापक सुविधाएं जुटानी चाहिए। युवाओं की प्रतिभा निखारने के लिए उचित माहौल बनाना चाहिए। उनका जीवन विद्या, वित्त और विकास इन तीन मूलभूत चिंतन से जुड़ी धाराओं का संगम था।

साथ ही पीएम मोदी ने कांग्रेस सरकार पर वार करते हुए कहा कि मालवा में कहावत है- मालव धरती गगन गंभीर, डग-डग रोटी, पग-पग नीर। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों ने मध्यप्रदेश के साथ एक अपमानजनक शब्द जोड़ दिया… बीमारू। तब प्रदेश में बैठी कांग्रेस सरकार को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता था, उन्हें केवल अपनी जय-जयकार करवाने से ही मतलब था।

गौरतलब है कि राजगढ़ की नेवज नदी पर बनी (3800 करोड़ लागत) मोहनपुरा वृहद सिंचाई परियोजना तैयार की गई है। इस परियोजना से 2021 तक एक लाख 34 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होगी। डैम की लंबाई 2700 मीटर है जबकि उंचाई 48.05 मीटर है। इसमें 61.63 करोड़ घनमीटर पानी भराएगा। यह देश की पहली परियोजना है, जिसमें सबसे लंबी पाइप लाइन से सीधे पानी की सप्लाई की जाएगी।