नई दिल्ली। शॉपिंग के लिए साउथ दिल्ली की मशहूर मार्केट सरोजनी जाने के लिए अब ज्यादा सोचना नहीं पड़ेगा। सरोजिनी नगर में नया मेट्रो स्टेशन बनकर तैयार हो चुका है। इस महीने के अंत तक यह खुल जाएगा। इसके बाद यहां पहुंचना आसान हो जाएगा।
बता दें कि सरोजनी नगर मेट्रो भी पब्लिक के लिए खुल जाएगा। अभी मेट्रो से यहां आने के लिए लोगों को येलो लाइन के आईएनए स्टेशन पर उतरना पड़ता है। वहां से ऑटो लेकर मार्केट आना पड़ता है।
नए स्टेशन के गेट नंबर-2 से बाहर निकलते ही सामने मार्केट दिखेगी। हालांकि यह स्टेशन मार्केट के पिछले हिस्से में बनाया गया है, लेकिन इसकी लोकेशन ऐसी है कि स्टेशन से बाहर निकलने के बाद मार्केट में दाखिल होने के लिए 100 मीटर भी नहीं चलना पड़ेगा। इस स्टेशन के बनने से यहां के दुकानदार भी काफी खुश हैं।
उनका मानना है कि स्टेशन के खुलने के बाद मार्केट में फुटफॉल बढ़ेगा। इससे बिजनस में भी इजाफा होगा। हालांकि मार्केट वालों को इस बात की भी चिंता है कि स्टेशन के आस-पास अतिक्रमण न हो और सुरक्षा को लेकर लोगों को किसी तरह की चिंता न करनी पड़े।










