नई दिल्ली। बिहार और पूर्वांचल के महापर्व छठ करने वालों की तादाद पिछले कुछ सालों के दौरान दिल्ली में कई गुणा बढ़ी है। इसी का नतीजा है कि 2 साल पहले छठ पूजा के लिए 450 घाटों पर इंतजाम किया जाता था, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 600 हो गई है।
इस साल 13 नवंबर को मनाए जाने वाले छठ पूजा में दिल्ली के अलग-अलग जगहों पर बनाए गए घाटों पर श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, इसी को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने समीक्षा बैठक बुलाई।
छठ पूजा घाट को बेहतर बनाने की तैयारी की समीक्षा के लिए बुलाई गई इस बैठक का मकसद था कि पूजा संबंधी बेहतर प्रबंधन पर अभी से काम शुरू किया जा सके। इस बैठक में सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने दिल्ली के छठ घाटों की सूची की समीक्षा करते हुए जानकारी ली कि कितने घाट पूरी तरह तैयार है कितने घाट नवंबर तक बनकर तैयार हो जाएंगे।
विभाग के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि कुछ छठ घाट जिन्हें पक्का करना था अभी तक नहीं हो सका है। इसके बाद मुख्यमंत्री ने यमुना नदी के सभी घाटों को पक्का करने का निर्देश दिया। निर्माण के संदर्भ में एक कमेटी भी बनाई गई है ताकि इस कार्य पर लगातार निगरानी रखी जा जाए।










