गुरूग्राम। देश का साइबर सिटी कहा जाने वाला शहर प्रदूषण से ग्रस्त हो चुका है। यहां का एयर क्वॉलिटी इंडेक्स 321 मापा गया, जो कि बहुत खराब श्रेणी में आता है। एनसीआर के मुख्य शहर- दिल्ली, फरीदाबाद, गाजियाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भी हवा की गुणवत्ता खराब हो रही हैै।
हरियाणा शहर के प्रदूषण विभाग के अनुसार अरब प्रायद्वीप में उठे धूल के कण से दिल्ली-एनसीआर में हवा में धूल के कण बढ़ गए हैं। डस्ट स्टॉर्म 27 जुलाई को ओमान में शुरू हुआ था। अगले कुछ दिनों में इसने अरब सागर में प्रवेश किया। अब ये धूल के कण पश्चिमी भारत और दिल्ली-एनसीआर में आ चुके हैं।
गुरूग्राम सबसे ज्यादा प्रभावित इसलिए है क्योंकि यह दिल्ली के पश्चिम में स्थित है। धूल के कण उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रहे हैं। दिल्ली और एनसीआर में आर्द्रता का स्तर काफी ऊंचा है, इसलिए पार्टिकुलेट मैटर हवा की नमी में चिपक जाते हैं। जब तक कि तेज हवा और बारिश नहीं होती, पूरे क्षेत्र में यही स्थिति बनी हुई है। हालांकि हम प्रदूषण के लिए जिम्मेदार स्थानीय कारकों को नजर अंदाज नहीं कर सकते है।










