भारी बारिश से केदारनाथ हाईवे की सुरंग क्षतिग्रस्त

110

रुद्रप्रयाग। गुरुवार रात से हो रही बारिश के चलते रुद्रप्रयाग शहर में केदारनाथ हाईवे पर स्थित सुरंग का ऊपरी हिस्सा ढह गया है। सुरंग के बीच में एक बड़ा छेद भी हो गया। फिलहाल इस रास्ते केदारनाथ धाम जाने वाले वाहनों की आवाजाही बंद की गई है। यात्री बाईपास मोटरमार्ग से केदारनाथ के लिए आवाजाही कर रहे हैं। केदारनाथ हाईवे के रुद्रप्रयाग संगम स्थित 60 मीटर लम्बी सुरंग बंद हो चुकी है। पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिरने के कारण सुरंग में सुराख हो गया है। भारी मात्रा में मलबा सुरंग के भीतर आ गया है। इस कारण स्थानीय लोगों एवं तीर्थ यात्रियों को 5 किमी की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। सुरंग को खोलने का कार्य भी शुरू हो गया है। वर्ष 1952 में जिला मुख्यालय से केदारघाटी को यातायात सुविधा से जोड़ने के लिए इस टनल का निर्माण किया गया था।