टेलीकॉम समिति की बैठक में शेडो एरिया समाप्त करने पर जोर, शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश

2

बागेश्वर -लीकॉम समिति की बैठक में शेडो एरिया समाप्त करने पर जोर, शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश

भारत नेट योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में इंटरनेट सेवा सुदृढ़ करने के निर्देश

जनपद में संचार सुविधाओं को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने शनिवार को टेलीकॉम समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में जनपद के शेडो एरिया (नेटवर्क विहीन क्षेत्रों) को पूर्णतः समाप्त करने, नेटवर्क गुणवत्ता में सुधार लाने तथा शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आगामी नेटवर्क सर्वेक्षण से पूर्व सभी दूरसंचार कंपनियां प्रशासन से समन्वय स्थापित करें तथा सर्वे में जनपद के सभी शेडो एरिया को अनिवार्य रूप से शामिल करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनपद में शेडो जोन को समाप्त करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

भारत नेट योजना के अंतर्गत बीएसएनएल फेज-1 की प्रगति की समीक्षा करते हुए अवगत कराया गया कि 189 ग्राम पंचायतों में से 121 में इंटरनेट सेवा संचालित हो चुकी है। जिलाधिकारी ने संबंधित एसडीओ को इसकी प्रमाणिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) को वीपीडीओ के माध्यम से स्थलीय सत्यापन कराने के निर्देश दिए। साथ ही बीएसएनएल को शेष ग्राम पंचायतों में अप्रैल माह तक इंटरनेट सेवा सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में एसडीई आशीष निगम ने जानकारी दी कि बीएसएनएल फेज-1 के अंतर्गत स्थापित 48 टावरों में से 46 टावर 4जी से सैचुरेटेड हो चुके हैं, जबकि शेष 2 टावरों पर कार्य प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त 10 नए टावरों की स्थापना की प्रक्रिया भी गतिमान है।

जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने कहा कि वर्तमान समय में नेटवर्क सुविधा शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, डिजिटल भुगतान, शासन की ऑनलाइन योजनाओं एवं अन्य सरकारी लाभों के लिए मूलभूत आवश्यकता बन चुकी है। विद्यार्थियों की पढ़ाई से लेकर आमजन को मिलने वाली सरकारी सेवाएं अब डिजिटल माध्यम से संचालित हो रही हैं, अतः नेटवर्क की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।