रुड़की में गैस किल्लत की अफवाहों पर भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह का बयान,चौबीस घंटे में मिल रहा सिलेंडर

3

रुड़की।नगर में घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) की कथित किल्लत को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के बीच भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह सामने आए हैं।उन्होंने स्थिति को स्पष्ट करते हुए आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से परेशान न हों।जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह ने कहा कि कुछ लोग गैस की कमी को लेकर झूठी खबरें फैलाकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं,जबकि वास्तविकता यह है कि नगर की गैस एजेंसियों में घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है।उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि दीपाली गैस एजेंसी सहित अन्य गैस एजेंसियों में गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जा रही है।उन्होंने बताया कि जिन उपभोक्ताओं ने गैस सिलेंडर की बुकिंग कराई है,उन्हें चौबीस घंटे के अंदर सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है और डिलीवरी व्यवस्था भी पूरी तरह से सुचारू रूप से चल रही है।उन्होंने कहा कि गैस गोदामों में बड़ी मात्रा में सिलेंडर मौजूद हैं,इसलिए किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है।अक्षय प्रताप सिंह ने उपभोक्ताओं को यह भी जानकारी दी कि गैस सिलेंडर की बुकिंग मोबाइल के माध्यम से भी कराई जा सकती है और मैन्युअली एजेंसी पर जाकर भी बुकिंग की जा सकती है।उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को बिल्कुल भी घबराने की आवश्यकता नहीं है।उन्होंने बताया कि गैस वितरण व्यवस्था में एक तय नियम के तहत उपभोक्ता को सिलेंडर लेने के बाद अगली बुकिंग पच्चीस दिन बाद ही करने की अनुमति होती है,यदि किसी उपभोक्ता ने पच्चीस दिन पहले सिलेंडर प्राप्त किया है,तो उससे पहले सिस्टम दोबारा बुकिंग स्वीकार नहीं करता।यह व्यवस्था इसलिए बनाई गई है,ताकि सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से और समय पर गैस उपलब्ध हो सके।भाजपा जिला महामंत्री ने कहा कि त्योहारों के नजदीक आने के कारण कुछ लोग अनावश्यक रूप से चिंतित हो रहे हैं,लेकिन ऐसी कोई स्थिति नहीं है जिससे घबराने की जरूरत हो,जिन उपभोक्ताओं की जो भी गैस एजेंसी है,वे वहां जाकर सामान्य प्रक्रिया के तहत बुकिंग कर सकते हैं और पर्ची प्राप्त कर आसानी से सिलेंडर ले सकते हैं।उन्होंने उपभोक्ताओं से विशेष रूप से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर विश्वास न करें और पैनिक बुकिंग से बचें।केवल जरूरत के अनुसार ही गैस सिलेंडर की बुकिंग कराएं,ताकि वितरण व्यवस्था पर अनावश्यक दबाव न पड़े और सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके,वही जिला प्रशासन भी आम नागरिकों से लगातार अपील कर रहा है कि रसोई गैस को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें।जिले में गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।