झबरेड़ा में चोरी की घटनाओं से किसानों में आक्रोश, भारतीय किसान संघ का थाने में हंगामा

1

24 घंटे में आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी

सुकर्म पाल राणा

झबरेड़ा (हरिद्वार): भारतीय किसान संघ उत्तराखंड के कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर शनिवार को झबरेड़ा थाने में जोरदार हंगामा किया। किसानों ने संगठन के जिला पदाधिकारियों के साथ हल्का दरोगा का घेराव कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द कार्रवाई की मांग की।

कार्यकर्ताओं का नेतृत्व किसान संघ के पदाधिकारी चंदन सिंह त्यागी ने किया, जबकि कार्यक्रम में संगठन मंत्री उत्तराखंड सुकर्म पाल राणा भी मौजूद रहे।

किसान संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार देर रात खजूरी बस अड्डे पर स्थित दो दुकानों में बदमाशों ने पीछे से दीवार तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बताया गया कि पंजाब सिंह कश्यप कारीगर और अंकुल कश्यप की साझेदारी में चल रही अंकल चिप्स की दुकान में घुसकर बदमाश पांच डिब्बे चिप्स और करीब पांच हजार रुपये नकद ले गए। प्रत्येक डिब्बे की कीमत करीब 1620 रुपये बताई जा रही है। इस प्रकार करीब 13,100 रुपये का सामान और नकदी चोरी हो गई।

किसानों ने बताया कि करीब एक सप्ताह पूर्व भी इसी दुकान का गेट तोड़ने का प्रयास किया गया था, लेकिन उस समय बदमाश असफल रहे थे। उस घटना की पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

इसके अलावा शुक्रवार रात ही जय किसान बीज भंडार, जिसे चंदन त्यागी के पुत्र मयंक त्यागी संचालित करते हैं, वहां भी पीछे से दीवार तोड़ने का प्रयास किया गया। हालांकि बदमाश इस प्रयास में सफल नहीं हो सके। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र के किसानों और व्यापारियों में भारी रोष है।

संगठन मंत्री सुकर्म पाल राणा ने कहा कि क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक घटनाएं पुलिस की निष्क्रियता को दर्शाती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि एक सप्ताह पहले की घटना पर पुलिस ने गंभीरता से कार्रवाई की होती तो आज यह स्थिति पैदा नहीं होती।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर बदमाशों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो भारतीय किसान संघ उत्तराखंड द्वारा थाने और प्रशासन के खिलाफ जोरदार आंदोलन किया जाएगा। किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

इस मौके पर सुकर्म पाल राणा मोहित कश्यप, योगेश त्यागी, मंगाराम कश्यप, मयंक त्यागी, रामपाल, गुलजार सिंह, विक्की कश्यप, सुरेश कुमार, मनोज कुमार, बिजेंद्र त्यागी सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।