“मन की बात” बना जनजागरूकता और प्रेरणा का प्रभावी मंचः पुण्डीर
“मन की बात” से प्रेरित हो रहा समाज, बढ़ रही जनभागीदारीः विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर
देहरादून, 26 अप्रैल। सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने रविवार को सहसपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विश्वनाथ कॉलोनी स्थित बूथ संख्या 116 में तारा सिंह जी के आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 133वें संस्करण को सामूहिक रूप से सुना।
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को संबोधित करते हुए भारत की विभिन्न उपलब्धियों, विज्ञान और नवाचार की बढ़ती भूमिका तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में हो रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने वैज्ञानिक दृष्टिकोण को अपनाने और नवाचार को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने ‘बीटिंग रिट्रीट’ समारोह में भारतीय संगीत के बढ़ते समावेश, बौद्ध परंपरा की वैश्विक पहचान, बांस आधारित नवाचार एवं उत्पादों के बढ़ते उपयोग जैसे विषयों का भी उल्लेख किया। साथ ही फ्रांस के बोर्डाे में आयोजित यूरोपीय गर्ल्स मैथमेटिकल ओलंपियाड में भारतीय बेटियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। प्रधानमंत्री ने नागरिकों से आगामी जनगणना में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने और स्व-गणना के लिए भी प्रेरित किया।
इस अवसर पर सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों के लिए प्रेरणा का एक महत्वपूर्ण स्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक एपिसोड में नई जानकारियां मिलती हैं और यह कार्यक्रम केवल सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाने और आमजन को सशक्त बनाने का प्रभावी मंच भी है। सहदेव सिंह पुण्डीर ने लोगों से आह्वान किया कि वे इस कार्यक्रम को नियमित रूप से सुनें और इससे प्रेरणा लेकर समाज एवं राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
इस अवसर पर सभासद व विधायक प्रतिनिधि अनिल नौटियाल, मंडल महामंत्री यशपाल कैंन्थुरा, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष वीरता गुरँग, महामंत्री महिला मोर्चा शांन्ति प्रभा, उपाध्यक्ष महिला मोर्चा पूनम पंवार, बद्री विशाल कीर्तन मण्डली की अध्यक्ष जयन्ती भंडारी सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।










