देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को सचिवालय में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सेविका एवं मिनी कर्मचारी संगठन, उत्तराखण्ड के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। संगठन की अध्यक्ष श्रीमती रेखा नेगी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं से अवगत कराया।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार आंगनबाड़ी कर्मियों के मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि के विषय में गंभीरतापूर्वक विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों के हितों के प्रति संवेदनशील है और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
बैठक के दौरान महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के सचिव ने जानकारी दी कि आंगनबाड़ी कर्मियों के मानदेय वृद्धि के संबंध में भारत सरकार से भी अनुरोध किया गया है। इस दिशा में आवश्यक कार्यवाही की जा रही है, ताकि कर्मियों को उचित लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री के सकारात्मक आश्वासन के बाद संगठन के प्रतिनिधियों ने प्रस्तावित हड़ताल को स्थगित करने पर सहमति व्यक्त की। इससे प्रदेश में आंगनबाड़ी सेवाओं के सुचारू संचालन का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
इस अवसर पर सचिव मुख्यमंत्री श्री शैलेश बगौली, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के सचिव श्री चन्द्रेश कुमार तथा विभागीय निदेशक श्री बी.एल. राणा भी उपस्थित रहे।










