पिथौरागढ़। जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने बिना सत्यापन किरायेदार रखने वाले मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस की ओर से चलाए जा रहे सत्यापन चेकिंग अभियान के दौरान दो मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10-10 हजार रुपये के चालान किए गए।
कोतवाली झूलाघाट पुलिस ने एसएचओ संजीव कुमार के नेतृत्व में क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ग्राम मजिरकांडा में मकान मालिक दीपक कापड़ी के यहां बिना सत्यापन के नेपाली नागरिक को किरायेदार के रूप में रखा जाना पाया गया। पुलिस ने संबंधित मकान मालिक के विरुद्ध 10 हजार रुपये का चालान किया।
इसी अभियान के दौरान ग्राम बड़ालू में नारायण राम द्वारा भी बिना सत्यापन किरायेदार रखे जाने का मामला सामने आया। पुलिस ने उनके खिलाफ भी 10 हजार रुपये का चालान जारी किया।
सत्यापन नहीं कराया तो होगी कार्रवाई
पुलिस ने मकान मालिकों से अपील की है कि किसी भी किरायेदार को रखने से पहले उसका नियमानुसार पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं। पुलिस का कहना है कि किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन कानून-व्यवस्था और सुरक्षा की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है।
पिथौरागढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया कि सत्यापन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार चेकिंग अभियान चलाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और किरायेदारों का समय पर सत्यापन कराएं।
पुलिस का संदेश: “पहचान होगी साफ, तभी रहेगी राहत।” सुरक्षा व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।










