राजकीय प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को सिखाए स्वस्थ जीवन के मंत्र

2

राजकीय प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को सिखाए स्वस्थ जीवन के मंत्र

देहरादून। राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस 2026 के तहत उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय, मुख्य परिसर हर्रावाला की ओर राजकीय प्राथमिक विद्यालय मियां वाला में स्वास्थ्य शिविर एवं स्वस्थ संगोष्ठी वृक्षारोपण का का आयोजन किया गया। इसमें राजकीय प्राथमिक विद्यालय मियांवाला के बच्चों को आयुर्वेद, योग, दैनिक दिनचर्या और स्वस्थ जीवनशैली की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के बाद बच्चों के साथ पौधारोपण भी किया गया।

विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर के कैंपस डायरेक्टर प्रो. पंकज शर्मा के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में नोडल अधिकारी डॉ. राजीव कुरेले और आयुर्वेद संकाय के नोडल अधिकारी डॉ. ऋषि आर्य ने अभियान का संचालन किया। संगोष्ठी का विषय ‘आयुर्वेद फॉर हेल्दियर टुमारो’ रखा गया।

डॉ. राजीव कुरेले ने बच्चों को आयुर्वेद की मूल अवधारणा और स्वास्थ्य के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन की नींव बचपन से ही रखी जाती है। खानपान, स्वच्छता, पर्याप्त नींद और नियमित दिनचर्या जैसी छोटी-छोटी आदतें लंबे समय तक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

एसोसिएट प्रोफेसर, स्वस्थवृत्त विभाग, डॉ. एसपी सिंह ने बच्चों को योग और दैनिक दिनचर्या के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने नियमित योग एवं अनुशासित जीवनशैली को स्वस्थ रहने का प्रभावी माध्यम बताया। बच्चों से रोगों से बचाव, प्राकृतिक रूप से रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करने और आयुर्वेद के स्वास्थ्यवर्धक सिद्धांतों को दैनिक जीवन में अपनाने को लेकर संवाद किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं को स्वस्थ जीवन के लिए पांच स्वास्थ्य संकल्प भी दिलाए गए। इसके बाद बच्चों और अतिथियों ने पौधारोपण किया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका पूनम कश्यप, कुसुम गैरोला, वरिष्ठ समाजसेवी प्रेम चमोला, अशोक कुमार, स्वामी नित्यानंद जन सेवा समिति के यूथ विंग के प्रेसिडेंट विनायक शर्मा स्वामी और विदित मौजूद रहे। प्रातः आयोजित स्वास्थ्य शिविर में लोगों को आयुर्वेदिक चिकित्सा परामर्श भी दिया गया।

विश्वविद्यालय परिसर में भी प्रो. पंकज शर्मा के नेतृत्व में पौधारोपण अभियान चलाया गया। डा राजीव कुरेले, डॉ. ऋषि आर्य, डॉ. नंदकिशोर दधीच, डॉ. अमित तमाड्डी, डॉ. नितेश आनंद, डॉ. उर्मिला आदि शिक्षको और बीएएमएस छात्र-छात्राओं ने पौधारोपण कार्यक्रममें सक्रियता से प्रतिभाग किया । इस दौरान पुत्रंजीवक, अर्जुन, आंवला, अमरूद, बांस, हरड़ और बहेड़ा आदि के पौधे लगाए गए।