हरिद्वार। भारतीय किसान संघ उत्तराखंड की ओर से 30 सितंबर को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित अखिल भारतीय महिला सम्मेलन की सफलता के लिए जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया गया है। संगठन मंत्री उत्तराखंड सुकर्म पाल राणा ने प्रदेश अध्यक्ष कुशल पाल सिंह के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर किसान संघ की महिला कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से संपर्क किया। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में महिलाओं से राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने का आह्वान किया।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान किसान संघ पदाधिकारियों ने पिछले 48 घंटे से लगातार हो रही बारिश से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा भी उठाया। संगठन ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सर्वे कराकर किसानों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की। किसान संघ पदाधिकारियों ने कहा कि बारिश से जिन किसानों के कच्चे मकान क्षतिग्रस्त या धराशायी हुए हैं, वे तत्काल किसान संघ के कार्यकर्ताओं को सूचना दें, ताकि प्रशासन के माध्यम से उन्हें आवश्यक क्षतिपूर्ति और सहायता दिलाई जा सके।
संगठन मंत्री सुकर्म पाल राणा ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समय पर आकलन और समाधान होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार को धान की पराली जलने की घटनाएं तो दिखाई देती हैं, लेकिन लगातार बारिश से खेतों में नष्ट हो रही फसल किसानों की बड़ी समस्या है। प्रशासन को नुकसान का वास्तविक सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को राहत उपलब्ध कराने की दिशा में तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
बैलों से चलने वाले कल्टीवेटर का किया पूजन
ग्राम दुर्गागढ़ में विकासखंड बहादराबाद के उपाध्यक्ष अरविंद चौहान के आवास पर किसान दिवस एवं भगवान बलराम जयंती पखवाड़े के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बैलों से चलने वाले कल्टीवेटर का हल्दी, चावल और रोली से विधि-विधान के साथ पूजन किया गया। किसान संघ पदाधिकारियों ने कृषि और पशुधन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए पारंपरिक कृषि उपकरणों और खेती की संस्कृति के संरक्षण पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान महिला कार्यकर्ताओं और ग्रामीण महिलाओं से 30 सितंबर को दिल्ली में होने वाले अखिल भारतीय महिला सम्मेलन में भाग लेने की अपील की गई। संगठन ने बताया कि हरिद्वार जनपद से सम्मेलन में महिलाओं को ले जाने के लिए आठ वाहन निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक वाहन में छह महिला कार्यकर्ताओं के साथ एक चालक और किसान संघ का जिला अथवा प्रांत स्तर का एक कार्यकर्ता रहेगा।
इस दौरान अरविंद चौहान, शीशपाल, राजकुमार, कृपाल सिंह, वीर सिंह, जितेंद्र, दीपक, रजनी देवी, अनिका कुमारी, आर्या तन्मय सहित अन्य कार्यकर्ताओं से संवाद किया गया। इसके बाद अकोढ़ा खुर्द में जिला मंत्री डा. आजाद सिंह, लक्सर विकासखंड अध्यक्ष गोरख सिंह, जितेंद्र सिंह, राजकुमार लंबरदार, रामसेवक आदि से भी संपर्क कर महिला सम्मेलन में अधिक से अधिक शिक्षित और सक्रिय महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।










