सहस्रधारा रोड पर महिला को बचाने वाली सफाई कर्मी माताओं का सम्मान

5

सहस्रधारा रोड पर महिला को बचाने वाली सफाई कर्मी माताओं का सम्मान

विपरीत परिस्थिति में दिखाई हिम्मत, जान की परवाह किए बिना मदद के लिए बढ़ाया कदम

देहरादून। सहस्रधारा रोड पर किडनैपिंग की घटना के दौरान साहस और मानवीय संवेदना का परिचय देने वाली तीन सफाई कर्मी महिलाओं को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया गया। वार्ड संख्या 28 ऋषिनगर के अधोईवाला स्थित वाल्मीकि बस्ती में वाल्मीकि समाज कल्याण समिति की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में श्रीमती अनीता देवी, सविता देवी और माया देवी का सम्मान किया गया। महिलाओं की बहादुरी को लेकर क्षेत्रवासियों ने जमकर सराहना की।

समिति के प्रधान जॉनी गोदियाल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पदाधिकारियों और क्षेत्रवासियों ने तीनों महिलाओं को सम्मानित किया। वक्ताओं ने कहा कि घटना के दौरान महिलाओं ने तमाशबीन बने रहने के बजाय पीड़ित महिला की मदद के लिए आगे आने का साहस दिखाया। विपरीत परिस्थिति में किसी दूसरे व्यक्ति की सुरक्षा के लिए आगे बढ़ना सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदना का उदाहरण है।

सम्मान समारोह में क्षेत्र की महिलाओं और युवाओं की भी बड़ी भागीदारी रही। वक्ताओं ने कहा कि सफाई कर्मी महिलाएं रोजमर्रा के काम के दौरान समाज की सेवा करती हैं, लेकिन सहस्रधारा रोड की घटना में उन्होंने जिस तरह साहस दिखाया, उससे पूरे वाल्मीकि समाज का सिर गर्व से ऊंचा हुआ है। उपस्थित लोगों ने तीनों महिलाओं के साहस की सराहना करते हुए कहा कि समाज में ऐसी हिम्मत और एकजुटता की जरूरत है।

समिति पदाधिकारियों ने कहा कि सम्मान का उद्देश्य केवल तीनों महिलाओं का उत्साहवर्धन करना नहीं, बल्कि समाज में यह संदेश देना भी है कि संकट की घड़ी में पीड़ित की मदद के लिए आगे आना हर नागरिक का कर्तव्य है।

कार्यक्रम में राजीव गोदियाल, विपिन ढिंगिया, दीपक सिंह, बंटी पंवार, राजकुमार, मुन्नू राम ढिंगिया, अनुसूचित मोर्चा राजपुर मंडल की अध्यक्ष अनीता देवी, अल्पसंख्यक मोर्चा राजपुर मंडल अध्यक्ष मनीष चौधरी, अमन समेत क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक, महिलाएं और युवा मौजूद रहे। सभी ने अनीता देवी, सविता देवी और माया देवी को सम्मानित कर उनके साहस को सलाम किया।