आरजेडी के नेता तेज प्रताप यादव ने चौंकाने वाला बयान दिया है। उन्होने कहा कि बीजेपी-आरएसएस नहीं बल्कि अयोध्या में राम मंदिर हम बनाएंगे। तेज प्रताप बिहार के नालंदा जिले में एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि हिंदू, मुस्लिम, सिख, इसाई, अति पिछड़ा, गरीब और दलित सब अयोध्या जाएंगे और एक-एक ईंट रखेंगे। जिस दिन मंदिर बनेगा उस दिन बीजेपी और आरएसएस का राम मंदिर वाला मुद्दा ही खत्म हो जाएगा। क्योंकि राम मंदिर बन जाएगा तो उनके पास कुछ नहीं बचेगा। राम मंदिर मामले में जब तेज प्रताप का नाम सामने आया तो उन्होंने इस पर सफाई भी पेश की। अपने ट्विटर हैंडल पर उन्होंने लिखा कि बिहार शरीफ के दंगल कार्यक्रम में भाजपा वाले राम मंदिर बनाने की बात करते हैं लेकिन तारीख नहीं बताते हैं। उन्होंने कहा कि हम एक मंदिर ऐसा बनाएंगे जहां हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सब लोग पूजा कर सकेंगे।










