लखनऊ में उत्तराखंड महोत्सव-2026 में शामिल हुए मुख्यमंत्री, गंगा एक्सप्रेस-वे को हरिद्वार तक जोड़ने की पैरवी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश में रह रहे प्रवासी उत्तराखंडियों से अपनी संस्कृति, परंपराओं, लोकभाषा और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भौगोलिक रूप से हम कहीं भी रहें, लेकिन अपनी मातृभूमि और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ाव हमेशा बनाए रखना चाहिए। यही जुड़ाव भावी पीढ़ियों को अपनी पहचान और विरासत से परिचित कराने का माध्यम बनेगा।
मुख्यमंत्री शनिवार को लखनऊ स्थित पंडित गोविंद बल्लभ पंत सांस्कृतिक उपवन में उत्तराखंड महापरिषद की ओर से आयोजित उत्तराखंड महोत्सव-2026 में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडी राज्य की अमूल्य धरोहर हैं। देश-दुनिया में रहकर वे अपनी मेहनत, प्रतिभा और कार्यकुशलता से उत्तराखंड का नाम रोशन कर रहे हैं। राज्य सरकार प्रवासियों को मातृभूमि से जोड़ने और प्रदेश के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी उद्देश्य से पिछले तीन वर्षों से प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि उनके अनुभव, ज्ञान, कौशल और निवेश का लाभ प्रदेश को मिल सके।
गंगा एक्सप्रेस-वे को हरिद्वार तक जोड़ने का अनुरोध
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के संबंधों को भाईचारे और साझा विरासत का प्रतीक बताते हुए कहा कि दोनों राज्यों के बीच केवल भौगोलिक और प्रशासनिक ही नहीं, बल्कि ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और भावनात्मक संबंध भी हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सड़क, एक्सप्रेस-वे, औद्योगिक विकास, पर्यटन और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं। गंगा एक्सप्रेस-वे प्रदेश की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगा।
धामी ने बताया कि उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गंगा एक्सप्रेस-वे को हरिद्वार तक जोड़ने का अनुरोध किया है। इससे उत्तराखंड को भी लाभ मिलेगा और दोनों राज्यों के बीच आवागमन, व्यापार, पर्यटन तथा आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र में लगभग 38 हजार करोड़ रुपये के निवेश का उल्लेख करते हुए इसे राज्य की मजबूत आर्थिक संभावनाओं का प्रमाण बताया।
चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में चल रही विकास परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ धाम में पुनर्निर्माण और बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के शुरू होने से दोनों क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होगा। वहीं, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क संपर्क और रोपवे परियोजनाएं राज्य के विकास को नई दिशा देंगी।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं, जबकि हेमकुंड साहिब में लगभग 3.90 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं। आदि कैलाश यात्रा में भी बड़ी संख्या में पर्यटकों और श्रद्धालुओं ने भागीदारी की है। सरकार यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के साथ ही सुविधाओं का विस्तार कर रही है।
धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा के साथ शीतकालीन यात्रा को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि सालभर पर्यटन गतिविधियां संचालित हों। इससे स्थानीय युवाओं, होमस्टे संचालकों, होटल कारोबारियों, परिवहन व्यवसायियों और छोटे व्यापारियों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
दूरस्थ गांवों तक पर्यटन का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा नीम करौली महाराज से जुड़े धार्मिक स्थलों को जोड़कर आध्यात्मिक पर्यटन सर्किट विकसित किया जा रहा है। कैंची धाम सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसके अलावा इको टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म, वेलनेस टूरिज्म, होमस्टे और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन नीति के तहत प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य पर्यटन का लाभ केवल प्रमुख शहरों और प्रसिद्ध स्थलों तक सीमित रखने के बजाय राज्य के दूरस्थ पर्वतीय गांवों तक पहुंचाना है। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड मिलकर धार्मिक पर्यटन, व्यापार, उद्योग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित कर सकते हैं।
कार्यक्रम में उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य अतिथि, स्थानीय नागरिक और बड़ी संख्या में प्रवासी उत्तराखंडी मौजूद रहे।













