पीपलकोटी में मातृशक्ति सम्मेलन में महिलाओं के साथ सिलबट्टे पर पीसा नमक, जांदरा चलाकर किया पहाड़ी संस्कृति का अनुभव
चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मातृशक्ति उत्तराखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति की आधारशिला है। पहाड़ की महिलाएं परिवार की जिम्मेदारियां निभाने के साथ कृषि, पशुपालन, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री शनिवार को जनपद चमोली के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में पहुंचने पर महिलाओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कलश यात्रा और पुष्पवर्षा के साथ उनका भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने रोड शो के दौरान लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान जिलाधिकारी गौरव कुमार ने उन्हें श्री नंदा देवी राजजात की हस्तनिर्मित पेंटिंग भेंट की।
सम्मेलन स्थल पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के साथ सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक पीसा, जांदरा (हाथ की चक्की) से अनाज पीसा और मथानी से दही मथा। उन्होंने पहाड़ की पारंपरिक जीवनशैली और लोकसंस्कृति के प्रति अपना जुड़ाव भी प्रदर्शित किया।
गौरा देवी का पर्यावरण संरक्षण का संदेश आज भी प्रासंगिक
मुख्यमंत्री ने कहा कि चमोली की धरती से शुरू हुए ऐतिहासिक चिपको आंदोलन में गौरा देवी और उनकी साथी महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण का जो संदेश दिया, वह आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की महिलाओं ने अपने संघर्ष, परिश्रम और संकल्प से समाज को नई दिशा दी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए उज्ज्वला योजना, जनधन योजना और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण जैसी कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। प्रदेश सरकार ने भी सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया है। समान नागरिक संहिता लागू कर महिलाओं के समान अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
नंदा गौरा योजना में बेटियों को मिल रही 62 हजार की सहायता
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि बेटियों को जन्म से लेकर उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भर बनने तक हर स्तर पर सहयोग मिले। नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में चमोली जिले के नौ विकासखंडों में 900 से अधिक अत्यंत गरीब परिवारों की महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से तीन करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है। बैणी-भुली योजना के माध्यम से प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान किया जाएगा। योजना की प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। इसकी पहली किस्त दिसंबर में जारी की जाएगी।
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं सम्मानित
सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण, कृषि, पशुपालन, स्वरोजगार, खेल और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। महिला मंगल दल मैडठैली की अध्यक्ष उत्तरा देवी और महिला मंगल दल पाखी की अध्यक्ष मीना देवी को पर्यावरण संरक्षण, श्रमदान, अल्प बचत और नशामुक्ति कार्यक्रमों में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
मौन पालन के लिए भुवना देवी, खेती के लिए रामेश्वरी देवी, बांस उत्पाद निर्माण के लिए उषा देवी और प्राकृतिक खेती के लिए लीला देवी को सम्मान मिला। कृषि क्षेत्र में माहेश्वरी देवी, अनुसूया कुंवर और बिमला देवी को सम्मानित किया गया। खेल के क्षेत्र में निशा और स्वाति बड़वाल तथा लखपति दीदी के रूप में निरजा, रामेश्वरी देवी और अनीता देवी को सम्मानित किया गया।
हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं के साथ कवयित्री सुरभी देवी और मांगल गीत गायिका नन्दा सती को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए। मिलेट्स उत्पादन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला किसानों को जिला स्तरीय किसान भूषण पुरस्कार भी प्रदान किए।
149.77 करोड़ की 30 योजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने चमोली जिले में 149.77 करोड़ रुपये की लागत वाली 30 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। उन्होंने हेलंग-डूंगरी बरोसी मोटर मार्ग, गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग और त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्ग के निर्माण एवं सुधारीकरण की घोषणा भी की।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य पर्वतीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने के साथ महिलाओं और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है। मातृशक्ति की भागीदारी से गांवों की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और पलायन रोकने के प्रयासों को भी गति मिलेगी।
कार्यक्रम में जनपद प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, विधायक अनिल नौटियाल और भूपाल राम टम्टा, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष पीपलकोटी आरती नवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।













