चमोली। विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब की यात्रा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में भारतीय सेना की 418 माउंटेन ब्रिगेड की टुकड़ी और गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के सेवादारों की संयुक्त टीम हेमकुंट साहिब ट्रैक से बर्फ हटाने के लिए रवाना हो गई है।
भारतीय सेना की 418 माउंटेन ब्रिगेड की टुकड़ी व गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के सेवादारों की संयुक्त टीम हेमकुंट साहिब ट्रैक से बर्फ हटाने के लिए प्रस्थान किया। आज अरदास के बाद इस टीम को ट्रस्ट के सीईओ सरदार सेवा सिंह ने गोविंदघाट से घांघरिया के लिए रवाना किया।
एक सप्ताह पहले एक रेकी टीम ने गोविंदघाट से हेमकुंट साहिब मार्ग का सर्वेक्षण किया था। सर्वेक्षण के दौरान श्री हेमकुंट साहिब और अटलकोटी ग्लेशियर क्षेत्र में 8 फीट से अधिक बर्फ जमी हुई पाई गई। यह टीम घांघरिया में प्रवास करते हुए रोजाना भारी बर्फ को काटकर मार्ग को साफ करेगी।
जवानों और सेवादारों के निरंतर प्रयासों से आशा की जा रही है कि अगले तीन सप्ताह के अंदर पूरा मार्ग साफ हो जाएगा और तीर्थयात्रियों के लिए मार्ग सुरक्षित बन जाएगा। शनिवार, 23 मई 2026 को श्री हेमकुंट साहिब के पवित्र कपाट खुलने हैं।










