भगवानपुर। भारतीय किसान संघ की भगवानपुर विकासखंड इकाई की बैठक में आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में 23 सितंबर को हरिद्वार कलेक्ट्रेट परिसर में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन, संगठन की सदस्यता अभियान तथा 30 सितंबर को दिल्ली में होने वाले महिला किसान सम्मेलन की तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की अध्यक्षता विकासखंड अध्यक्ष महिपाल सैनी ने की। पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर 23 सितंबर को होने वाले धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही संगठन को मजबूत करने के लिए सदस्यता अभियान को गति देने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में 30 सितंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाले महिला किसान सम्मेलन को लेकर भी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने तथा अधिक से अधिक महिला किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य चंदन त्यागी, यशपाल चौहान, नकली राम खालसा, बिजेंद्र धीमान, बाबूराम, स्वराज सिंह, करण सिंह, अर्जुन कुमार, अमरीश त्यागी, ओमपाल सैनी, सुधीर त्यागी, अंकुल त्यागी, अंकित त्यागी, मोनू त्यागी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










