किसान दिवस पर किसानों को दी सरकारी योजनाओं की जानकारी, समस्याओं का मौके पर हुआ समाधान

1

हल्द्वानी में सीडीओ अरविंद कुमार पांडे ने सुनीं किसानों की समस्याएं, विभागीय अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश

हल्द्वानी। विकासखंड हल्द्वानी मुख्यालय स्थित ब्लॉक सभागार में गुरुवार को किसान दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों, महिला किसानों, प्रगतिशील किसानों, स्वयं सहायता समूहों और किसान उत्पादक संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान किसानों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याएं भी सुनी गईं।

कार्यक्रम में कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, रेशम, सहकारिता, सिंचाई, विद्युत सहित विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। इनके माध्यम से किसानों को सरकारी योजनाओं, अनुदान और कृषि से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी दी गई।

कृषि विभाग ने फार्मर रजिस्ट्री, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उन्नत बीज, जैविक खेती, मृदा स्वास्थ्य कार्ड और कृषि यंत्रीकरण की जानकारी दी। उद्यान विभाग ने फल, सब्जी एवं पुष्प उत्पादन, नर्सरी और अनुदान योजनाओं के बारे में बताया। वहीं पशुपालन विभाग ने पशु चिकित्सा, टीकाकरण, नस्ल सुधार, डेयरी विकास और पशुधन बीमा योजनाओं की जानकारी दी।

मत्स्य विभाग ने मत्स्य पालन, तालाब निर्माण और अनुदान योजनाओं, जबकि रेशम विभाग ने रेशम कीट पालन एवं शहतूत पौधरोपण से आय अर्जित करने के तरीके बताए। इसके अलावा दुग्ध विकास, ग्राम्य विकास, मनरेगा, सहकारिता, विद्युत, उरेडा और सिंचाई विभागों ने भी अपनी योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी किसानों को दी। लीड बैंक और इफको की ओर से किसान क्रेडिट कार्ड, कृषि ऋण, उर्वरक और फसल प्रबंधन के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराई गई। विभागीय अधिकारियों ने स्टॉल पर किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।

कुंवरपुर के किसानों की समस्या का मौके पर समाधान

कार्यक्रम में कुंवरपुर गोलापार के किसानों ने कृषि निवेश केंद्र कुंवरपुर में बीज, खाद, छोटे कृषि यंत्र और स्प्रे पंप की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित केंद्र के प्रभारी से दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया। किसानों ने इस पहल पर आभार जताया।

इसके अलावा किसानों ने खाद-बीज की उपलब्धता, सिंचाई, वन्यजीवों से फसलों की सुरक्षा, मंडी व्यवस्था, कृषि ऋण और फसल बीमा से जुड़ी समस्याएं भी रखीं।

किसान दिवस समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच : सीडीओ

मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसान दिवस केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि किसानों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच है। कृषि को आधुनिक, वैज्ञानिक और लाभकारी बनाने के लिए किसानों को नई तकनीक अपनानी होगी। जैविक खेती, मोटे अनाज, सब्जी एवं पुष्प उत्पादन तथा पशुपालन को बढ़ावा देकर किसान अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं।

इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों को सम्मानित भी किया गया, ताकि अन्य किसान उनसे प्रेरणा लेकर उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाएं।

कार्यक्रम में मुख्य कृषि अधिकारी संतोषी, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फर्त्याल, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा, अधिशासी अभियंता विद्युत प्रदीप बिष्ट, उरेडा की अधिशासी अभियंता चांदनी बंसल, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता वीरेंद्र कुमार, लघु सिंचाई के अधिशासी अभियंता प्रशांत कुमार, सहायक निदेशक रेशम दीपक मेर, सहायक निदेशक मत्स्य रजनी देवराड़ी, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।