पैतृक गांवों को गोद लेने वाले 30 प्रवासियों का मुख्यमंत्री ने जताया आभार, बोले- प्रदेश के विकास में सहभागी बनें प्रवासी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी अपनी प्रतिभा, अनुभव, ज्ञान और संसाधनों के माध्यम से प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। सरकार के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी से ही उत्तराखण्ड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। मुख्यमंत्री शनिवार को दून विश्वविद्यालय में आयोजित तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे प्रवासी उत्तराखण्डियों का स्वागत करते हुए कहा कि सम्मेलन में ऐसा महसूस हो रहा है, जैसे एक ही परिवार के सदस्य लंबे समय बाद अपने घर लौटकर एक साथ एकत्र हुए हों। उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डियों का अपनी मातृभूमि से भावनात्मक जुड़ाव हमेशा बना रहता है। अपनी संस्कृति, परंपराओं और जड़ों से जुड़े रहना हम सभी के लिए जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने अपने पैतृक गांवों को गोद लेकर उनके विकास में योगदान देने की पहल करने वाले 30 प्रवासी उत्तराखण्डियों का विशेष आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह पहल जन्मभूमि के प्रति उनके लगाव और सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण है। इससे अन्य प्रवासी भी अपने गांवों के विकास के लिए आगे आने को प्रेरित होंगे।
35 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में उत्तराखण्ड ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। राज्य के बजट और प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि के साथ आधारभूत सुविधाओं, रोजगार, स्वरोजगार, पर्यटन, कृषि, बागवानी और उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। वहीं, 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।
3.5 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रदेश में अब तक 3.5 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। इन महिलाओं को जल्द ही प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अतिथि शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, आशा कार्यकर्ताओं और भोजन माताओं के मानदेय में भी जल्द वृद्धि की जाएगी। सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि कृषि और बागवानी को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए एप्पल मिशन, कीवी मिशन और तिमुर मिशन संचालित किए जा रहे हैं। स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए शुरू किए गए हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हो चुकी है। स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग और विपणन से किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों तथा उद्यमियों को नए अवसर मिल रहे हैं।
50 साल की पेयजल जरूरतों को पूरा करेगा सौंग बांध
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सड़क, रेल, हवाई संपर्क और अन्य आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। देहरादून और आसपास के क्षेत्रों की दीर्घकालिक पेयजल जरूरतों को पूरा करने के लिए सौंग बांध परियोजना पर काम किया जा रहा है। इससे आगामी 50 वर्षों की पेयजल आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी। जमरानी और लखवाड़ बांध परियोजनाओं पर भी कार्य आगे बढ़ रहा है, जबकि किशाऊ बांध परियोजना के लिए समझौता ज्ञापन किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर की स्थापना, पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार और प्रदेश में हेलीपोर्ट निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य के विभिन्न शहरों और प्रमुख पर्यटन स्थलों को हेली सेवाओं से जोड़ने की योजना है। इससे पर्यटन, तीर्थाटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ दूरस्थ क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा।
प्रवासियों से गांवों के विकास में योगदान की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रवासी उत्तराखण्डियों से अपने पैतृक गांवों से निरंतर जुड़े रहने और शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बागवानी, पर्यटन, उद्यमिता तथा स्वरोजगार के क्षेत्रों में अपने अनुभव एवं विशेषज्ञता का लाभ प्रदेश को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार योजनाएं बनाने और उनके प्रभावी क्रियान्वयन में अपनी भूमिका निभा सकती है, लेकिन विकास की व्यापकता और समृद्धि सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। प्रवासी उत्तराखण्डी राज्य की विकास यात्रा के महत्वपूर्ण सहभागी हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से लिपुलेख तक सड़क संपर्क विकसित हुआ है। इससे श्रद्धालु भारतीय भूमि से ही कैलाश पर्वत के दर्शन कर पा रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बताया कि प्रवासियों से निरंतर संवाद और राज्य के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अक्टूबर 2022 में प्रवासी उत्तराखण्ड प्रकोष्ठ तथा अप्रैल 2025 में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में प्रवासी उत्तराखण्ड परिषद का गठन किया गया है। प्रवासियों के पंजीकरण और सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए वेबसाइट भी विकसित की गई है।
सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक विनोद चमोली, किशोर उपाध्याय, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव सुधांश पंत, अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।











